
छिंदवाड़ा. ईद मिलाद-उन-नवी का पर्व बुधवार को मुस्लिम समाज द्वारा हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए इंसानियत, प्रेम, शांति और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
आजाद चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी प्रारंभ हुआ
बुधवार को सुबह कार्यक्रम, दोपहर में बच्चों का तालीमी मुकाबला तथा रात्रि में सवाल-जवाब कार्यक्रम आयोजित किया गया। ईद मिलाद-उन-नवी के अवसर पर दोपहर में आजाद चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी प्रारंभ हुआ। जुलूस राज टॉकीज, गोलगंज, फव्वारा चौक, बस स्टैंड, यातायात थाना, अलका टॉकीज, तिलक मार्केट, गणेश चौक, रॉयल चौक एवं करबला चौक होते हुए पुन: आजाद चौक पहुंचा। जुलूस में विभिन्न क्षेत्रों एवं आसपास के ग्रामों से आने वाली टोलियां शामिल हुई। पर्व के दौरान राज टॉकीज, गल्र्स कॉलेज, मेन रोड, बस स्टैंड, छोटा बाजार एवं गणेश चौक सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था बनाया गया। जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए। पर्व के दौरान लोगों ने शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए आयोजन में सहभागिता की। समाज के लोगों ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नवी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश देने वाला अवसर है। पर्व ने नगर में सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता की भावना को और मजबूत किया।
बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्ग हुए शामिल
जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में धार्मिक झंडे लिए समाजजन पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया। इस दौरान धार्मिक नारों और सलाम की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ईद मिलाद-उन-नवी के अवसर पर मस्जिदों में विशेष नमाज और दुआ का आयोजन किया गया। समाजजनों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ की। घरों और धार्मिक स्थलों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया।
कमेटी ने किया विविध आयोजन
अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी ने ईद मिलादुन्नबी ग्राउंड पर 25 अगस्त को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसी दिन शाम में इसी स्थान में एक्सिबिशन का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के मॉडल प्रदर्शित किए गए, जिसके पश्चात बच्चों को सर्टिफिकेट, गिफ्ट वितरित किए गए। वहीं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। 26 अगस्त को सुबह जलसा और तकरीर का प्रोग्राम किया गया। इसके बाद जुलूस निकाला गया। ईदमिलादुन्नबी ग्राउंड में बच्चों का तालीमी मुकाबला हुआ। शाम को अंजुमन कमेटी ने कपड़े वितरित किए। कमेटी ने सभी का आभार जताया।