छिंदवाड़ा. जनगणना 2026-27 के अनुक्रम में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुक्रवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रैक्टिकल ज्ञान वर्धन एवं प्रगणक पर्यवेक्षक की भूमिका से परिचित कराने के उद्देश्य से वार्ड 38 में मॉक प्रैक्टिस करवाई गई। मॉक अभ्यास के दौरान सभी फील्ड ट्रेनर्स ने प्रगणक पर्यवेक्षक के रूप में कार्य […]
छिंदवाड़ा. जनगणना 2026-27 के अनुक्रम में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुक्रवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रैक्टिकल ज्ञान वर्धन एवं प्रगणक पर्यवेक्षक की भूमिका से परिचित कराने के उद्देश्य से वार्ड 38 में मॉक प्रैक्टिस करवाई गई। मॉक अभ्यास के दौरान सभी फील्ड ट्रेनर्स ने प्रगणक पर्यवेक्षक के रूप में कार्य करते हुए जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों को समझा और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के मार्गदर्शन एवं निरीक्षण के लिए नगर जनगणना अधिकारी कमलेश निर्गुंडकऱ, जिला जनगणना प्रभारी अनुज सोलंकी, मास्टर ट्रेनर्स राजेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ पीएन सनेसर उपस्थित थे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक स्तर पर मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला संयोजक कमलेश उइके ने बताया कि शनिवार को जिले के नौ मंडलों में प्रशिक्षण सत्र सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। पांच अप्रेल को राममंदिर, पातालेश्वर एवं सारना मंडलों का प्रशिक्षण जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चावलपानी मंडल का प्रशिक्षण चावलपानी में तथा तामिया मंडल का प्रशिक्षण सामुदायिक मंगल भवन, तामिया में संपन्न होगा। वहीं अमरवाड़ा नगर, सिंगोड़ी, सुरलाखापा एवं बटकाखापा मंडलों का प्रशिक्षण श्री तुलसा होटल, अमरवाड़ा में आयोजित किया गया है। इसी क्रम में चौरई नगर एवं चौरई ग्रामीण मंडलों का प्रशिक्षण अन्नपूर्णा लॉन, चौरई में तथा चांद मंडल का प्रशिक्षण वर्ग चंद्रवाटिका लॉन में संपन्न होगा।
जिले में आगामी जनगणना 2026 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक से 30 मई 2026 एवं स्व-गणना का कार्य 16 से 30 अप्रैल 2026 की अवधि में किया जाना है। जनगणना के सफल संचालन के लिए जनसामान्य की जागरूकता एवं उनका सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने निर्देशित किया कि जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले एवं नगर निगम क्षेत्र में उपलब्ध निशुल्क प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। 16 से 30 अप्रैल 2026 की अवधि में स्व-गणना का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा एक से 30 मई 2026 के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रचार-प्रसार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर के माध्यम से निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सुरक्षा बलों में सफलता हासिल की है। इस उपलब्धी के तहत कुल 17 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें से 11 अभ्यर्थियों का चयन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में हुआ है, जबकि 6 अभ्यर्थियों ने एसएससी जीडी के माध्यम से बीएसएफ, सीआईएसएफ एवं सीआरपीएफ में जगह बनाई है। इस सफलता के पीछे पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन के साथ रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी एवं आरक्षक विजय इनवाती की विशेष मेहनत और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पुलिस लाइन छिंदवाड़ा द्वारा दी जा रही यह निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण फिजिकल ट्रेनिंग लगातार युवाओं को सफलता की ओर अग्रसर कर रही है।
मप्र जन अभियान परिषद ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम आयोजित किया। विकासखंड छिंदवाड़ा के सेक्टर पांच की मेंटर नविता सिंह के नेतृत्व में ग्राम सिरगोरा (शिवपुरी) में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गा चौक शिवपुरी में शिव पूजन, भूमि पूजन (भूमि सुपोषण) एवं वृक्ष पूजन के साथ हुई। इसके बाद जल मंदिर (प्याऊ) की स्थापना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान दीवारों पर जल संरक्षण से संबंधित जागरूकता नारे लिखे गए एवं छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि भी मनाई गई। साथ ही दुर्गा चौक स्थित पानी की टंकी के पास साफ-सफाई कर उपस्थित नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर देवी सिंह राजपूत, मनोज सिंह, रामपाल डेहरिया, सचिव ईश्वरी नागले सहित एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मप्र बिजली कर्मचारी महासंघ 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश स्तर भर में चलाए जा रहे आंदोलन के तीसरे चरण में प्रशासनिक भवन खजरी रोड पर प्रदर्शन किया। इस धरना आंदोलन में आउटसोर्स, संविदा, कर्मचारियों के नियमित कर्मचारियों की लंबित वेतन विसंगति तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली गे्रज्युटी उपादान की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपए किए जाने आदि मांगों को प्रमुखता से रखा गया। इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश श्रीवास्तव ने आंदोलन की पृष्ठ भूमिका के संबंध में उपस्थित कर्मचारियों को जानकारी दी और अभी तक आंदोलन के विभिन्न चरणों की समीक्षा करते हुए यह आव्हान किया कि तीसरे चरण के आंदोलन के पूर्ण होने के पश्चात अब अगला लक्ष्य भोपाल में 16 अप्रैल को आयोजित होने वाला प्रदर्शन है।