
छिंदवाड़ा.विपक्षी दल के टिकट के दावेदार इन दिनों काफी सतर्कता बरत रहे हैं। पार्टी की बैठक या मंच पर कुछ भी बयान देने से पहले दस बार सोच रहे हैं। कसौटी पर खरा उतरने की कोशिश में कई की दिनचर्या ही बदल गई है। न बुलाने पर ही सभी कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। करें भी क्यों नहीं, नेताजी का बयान जो आ गया है कि चुनाव जितने वाले प्रत्याशियों को ही टिकट दिया जाएगा। जिताऊ उम्मीदवार की तलाश के लिए बकायदा सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे करने वाली टीम कब आ धमके और किस गलती पर अंक काट दे। ऐसे में हर कदम फूंक फूंककर चलना ही पड़ेगा।
कलाकारी की राजनीति
पुरानी कहावत है-जिसकी लाठी, उसकी भैंस। इस नजरिए से अपने मेडिकल कॉलेज के संचालन को ही ले लीजिए। रतलाम और खंडवा में एमसीआई की टीम पहुंच गई और क्लासेस लगाने की तैयारियां भी परवान चढ़ी। अब छिंदवाड़ा ठहरा विपक्ष के मुखिया का गढ़ इसलिए सत्तासीनों ने उसे पीछे कर दिया। यही नहीं, फटाफट डीन समेत नौ डॉक्टरों को बाहर भेज दिया। इससे कॉलेज संचालन का मामला कम से कम एक साल लटक गया। राजनीति के जानकारों का बिलकुल सही आकलन है कि कॉलेज शुरू हो जाता तो सत्ता से ज्यादा विपक्ष को लाभ होता। एेसे में कलाकारी की राजनीति तो हो गई है। बस समझने की देर है।
अंधेरे में काम कर रहीं कुर्सियां
नगर निगम के कार्यालयीन समय पर कुर्सियां भले ही खाली दिखाई देती हों, लेकिन अंदर से कोई काम नहीं रुक रहे हैं। धड़ल्ले से योजनाओं की कागजी कार्रवाई भी पूरी हो रही है और चैक भी तैयार होकर कट रहे हैं। इस कार्यशैली से हर आगंतुक आश्चर्यचकित है कि आखिर ये कुर्सियां कैसे काम कर रही हंै। इस सवाल की खोज खबर ली गई तो पता चला कि दिन के उजाले में ये शांत रहती हैं और रात के अंधेरे में काम करने लगती हैं। आपको भी पूरा माजरा समझना हो तो चले जाइए निगम-टेंट, कुर्सी और काम का तारतम्य दिख जाएगा।
यह पार्टी भी खूब रही
बड़े नेता अपने समर्थकों से मेल मुलाकात के लिए पार्टियों का आयोजन करते रहते हैं। लंच और डिनर पार्टी तो ठीक है, एक नेता के जन्मदिन पर उन्होंने फिल्मी पार्टी दी। चुनिंदा लोगों के लिए पूरे टिकट खरीदे गए। एक दूसरे बड़े नेता को पता चला तो वे इस पार्टी का मजा बिगाडऩे की कोशिश करते दिखे। बताया जाता है कि कइयों को फोन कर फिल्म न देखने जाने का कहा। साथ ही टाकीज वाले को फोन कर फिल्म न दिखाने का कहने तक की बात भी हो गई। हालांकि फिल्म तो देखी गई और इधर मुस्कुराहट भरे चेहरे दूसरे नेताजी का दिल जलाते रहे। बताया जाता है इस पार्टी के बाद दोनों नेता फिर एक दूसरे से दूरी बना बैठे हैं।
- मंतोष कुमार सिंह, मनोहर सोनी, संदीप चवरे