छिंदवाड़ा

तापमान पहुंचा 42 के पार, बढ़ गई मरीजों की संख्या, लू व हीट स्ट्रोक के मरीज ज्यादा

जिला अस्पताल व प्राइवेट अस्पताल की ओपीडी में पहुंच रहे मरीज, सावधानी बरतने की आवश्यकता. गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह किया प्रभावित

2 min read
jila asptaal

छिंदवाड़ा। जिले का तापमान 42 डिग्री पार होने के साथ ही लू और हीट स्ट्रोक का प्रकोप लगातार जारी है, सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चलने वाली गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। वर्तमान में शासकीय व प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है जिसका सबसे प्रमुख कारण गर्मी का लगातार बढऩा है, जरा सी लापरवाही लोगों पर भारी पड़ सकती है, जिसके चलते संभलकर रहने की आवश्यकता है। गर्मी बढऩे के साथ ही उल्टी दस्त के मरीज बढ़ जाते है। वर्तमान में गर्मी के कारण फूड पाइजनिंग के मामले भी सामने आ रहे है। स्वास्थ्य विभाग ने भी पिछले दिनों लू तथा हीट स्ट्रोक को लेकर चेतावनी जारी की है तथा आने वाले दिनों में मौसम के खुलने के साथ फिर तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी।

हीट स्ट्रोक वार्ड में मरीज भर्ती

जिला अस्पताल में 10 बिस्तरों वाला एक विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड बनाया गया है जहां पर मरीज भर्ती किए जा रहे है। यहां मरीज के पहुंचने पर डॉक्टर, स्टाफ और आवश्यक दवाइयों की इमरजेंसी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। यहां पहुंचने वाले मरीजों को उपचार के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।

क्या है बचाव के उपाय

बढ़ते तापमान में हाइड्रेटेड रहें, प्यास न लगने पर भी खूब पानी पिएं, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करें। समय का ध्यान रखें व दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधी धूप में बाहर न निकलें। हल्के, ढीले और सूतीकपड़े पहनें। धूप में टोपी, चश्मा या छाते का प्रयोग करें। ठंडे वातावरण में रहें, हल्का भोजन करें। खीरा, तरबूज, खरबूजा जैसे पानी की मात्रा वाले फलों का सेवन करें। बासा व काफी लंबे समय पूर्व बना खाना खाने से बचना चाहिए, प्रतिदिन ताजा व पौष्ठिक आहार लें।

जिला अस्पताल में ओपीडी व आईपीडी की स्थिति

तिथि ओपीडी आईपीडी

19 मई 1254 245

18 मई 1278 217

17 मई 450 102

16 मई 1189 231

15 मई 1257 05

इनका कहना है।

तापमान बढऩे के साथ ही लू व हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। इस दौरान बच्चे व बुजुर्ग ज्यादा बीमार होते है। गर्मी में लोगों को अपना बचाव करके रखना चाहिए। घर से निकलते से बचे तथा गमछा व टोपी का उपयोग करें, दिन में ज्यादा से ज्यादा पानी पिए तथा ठंडक वाले स्थानों पर ज्यादा से ज्यादा रहें।

डॉ पवन नंदुलकर, शिशु रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल, छिंदवाड़ा।

43 से 44 डिग्री तापमान रहने की संभावना

पांच दिनों 20 से 24 मई 2026 के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, इस अवधि में हल्के से साफ बादल छाए रहेंगे और बारिश की कोई संभावना नहीं है। विभाग ने 21 मई को गर्म रात और 23 मई को लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने का अनुमान है। अधिकतम सापेक्षितआद्र्रता 33 से 36 प्रतिशत जबकि न्यूनतम सापेक्षितआद्र्रता 13 से 17 प्रतिशत रह सकती है। आने वाले दिनों में हवाएं उत्तर-पश्चिम एवं पश्चिम दिशाओं से 09 से 24 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी।

मंगलवार को सुबह से रात तक तापमान की स्थिति

समय तापमान

सुबह 6 बजे 31

सुबह 8 बजे 36

सुबह 10 बजे 39

दोपहर 12 बजे 41

दोपहर 02 बजे 42

दोपहर 04 बजे 41

शाम 06 बजे 39

रात 08 बजे 36

रात 10 बजे 34

रात 12 बजे 32

Published on:
21 May 2026 11:58 am
Also Read
View All