कलेक्ट्रेट में किया विरोध प्रदर्शन, 270 को नौकरी से निकाले जाने का कर रहे है विरोध' प्रदर्शन से पहले दीन दयाल पार्क में धरना दिया
छिंदवाड़ा. ग्राम पंचायतों में कार्यरत 270 पेशा मोबिलाईजरों को नौकरी से निकाले जाने के विरोध में संगठन ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मोबिलाईजरों ने नौकरी बहाल करने, नियमित नौकरी देने और न्यूनतम वेतन देने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सात दिन में आदेश वापस नहीं किया तो आने वाले दिनों में भोपाल स्थित विकास भवन का घेराव किया जाएगा, जहां से नौकरी से हटाने का आदेश निकला है। मोबिलाईजरों ने मंत्रियों के बंगलों पर भी डेरा डालने का ऐलान किया। प्रदर्शन से पहले दीन दयाल पार्क में जिला अध्यक्ष अशोक उईके और तामिया ब्लॉक अध्यक्ष अनिल उइके के नेतृत्व में धरना दिया गया, जिसमें बिछुआ ब्लॉक अध्यक्ष मुरली धर उइके, हरई ब्लॉक अध्यक्ष संजूराम धुर्वे सहित सैकड़ों मोबिलाईजर शामिल हुए। अस्थायी, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, बिछुआ जनपद अध्यक्ष सतीश भलावी और युवा क्रांति मोर्चा से प्रवीण धुर्वे ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया।
छिंदवाड़ा. अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ मधुबन कॉलोनी में वर्षभर चलने वाले गुरु गीता पाठ का वार्षिकोत्सव उल्लास के साथ मनाया गया। शाम 6:30 से रात 9 बजे तक हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व गायत्री मंत्र जप से हुआ। इस दौरान गुरु गीता के महत्त्व पर प्रवचन, सामूहिक पाठ और गुरुमंत्र का जप हुआ। दीप यज्ञ के माध्यम से गुरु सत्ता का आवाहन कर सभी के कल्याण की कामना की गई। गोविंद माहोरे ने गुरु गीता के महत्त्व व उपयोगिता पर विस्तार से बताया। मुख्य न्यासी अशोक माहोरे ,तहसील प्रभारी हेमंत माहोरे ने बताया कि गुरु गीता पाठ का उद्देश्य शिष्य की संजीवनी विद्या बढ़ाना, साधक को अध्यात्मिक रूप से ऊंचा उठाना व विश्व के कल्याण की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि गुरु गीता गुरु-शिष्य परंपरा का मूल ग्रंथ है, जिसके पाठ से जीवन में विवेक, शक्ति व शांति का संचार होता है। वार्षिकोत्सव में जिला समन्वयक अशोक कावड़े, सुखदेव बड़े, महेश माहोरे, चौरसिया, महिला व युवा मंडल सहित नगर के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। उपस्थित साधकों ने गुरु गीता का सामूहिक पाठ कर गुरु सत्ता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि गायत्री शक्तिपीठ मधुबन कॉलोनी में पूरे वर्ष प्रत्येक गुरुवार को शाम गुरु गीता पाठ अनवरत चलता है। इसी श्रृंखला में प्रतिवर्ष यह वार्षिक उत्सव आयोजित कर गुरु तत्व के प्रति निष्ठा का संकल्प दोहराया जाता है।
छिंदवाड़ा. बसंत कॉलोनी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में राधा कृष्ण महिला मंडल द्वारा आयोजित भागवत कथा में वृंदावन से आए भागवत मर्मज्ञ डॉक्टर अनिल शास्त्री ने श्रीकृष्ण और दाऊ बलराम के मथुरा गमन का प्रसंग सुनाया। उन्होंने मामा कंस के न्यौते पर चाचा अक्रूर द्वारा कृष्ण-बलराम को मथुरा ले जाने और मैया यशोदा, गोकुल वासियों, गोपियों, गायों तथा राधा से विरह का मार्मिकता व करुणा से वर्णन किया। कृष्ण-बलराम के मथुरा पहुंचने पर वहां की लीलाओं का सुंदर चित्रण किया गया। डॉक्टर शास्त्री ने कंस वध की कथा सुनाई। बाद में कृष्ण का रुक्मिणी से विवाह किन परिस्थितियों में हुआ, यह विस्तार से बताया गया। इस दौरान चलित झांकी के माध्यम से कृष्ण की बारात निकाली गई। कृष्ण और रुक्मिणी का विवाह विधिपूर्वक संपन्न हुआ।
छिंदवाड़ा. अंतर राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को को शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुरैया में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने एक कार्यक्रम किया। संस्था प्राचार्य ए एच खान और उप प्राचार्य गुप्ता के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए जल पात्र लगाए। भीषण गर्मी और धूप में पक्षियों की प्यास बुझाने हेतु यह व्यवस्था की गई, जिसमें पेड़ों पर पानी के बर्तन टांगे गए और उनमें पानी भरने का प्रबंध किया गया। इस अवसर पर मनीषा श्रीवास्तव, कृष्ण चन्द्र जावलकर, अंजुम कुरैशी, रश्मि शर्मा, कुशवाह, शिवम गोरखे, सांदीपनि विद्यालय के प्राथमिक विंग प्रधान अध्यापक हबीब खान और कार्यक्रम अधिकारी यशवंत कुमार प्रजापति सहित सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।