
छिंदवाड़ा. देहात पुलिस ने खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में डकैती डालने की योजना बनाते एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को काराबोह डेम के पास से गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो युवक झाडिय़ों में घुसकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें कई स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से धारदार हथियार समेत कई औजार बरामद किए है, पकड़े गए आरोपियों पर पूर्व में चोरी व अन्य कई अपराध दर्ज है। देहात पुलिस को 29 जुलाई को सूचना मिली थी कि काराबोह डेम के पास एक खंडहर में चार-पांच युवक बैठे हैं तथा आपस में खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में देर रात 12 से एक बजे के बीच डकैती डालने की योजना बना रहे है तथा इस दौरान किसी के आने पर उसकी हत्या करने की बात भी कर रहे है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने अपने दलबल के साथ घेराबंदी की और काराबोह के समीप से दो युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों के पास से डकैती में उपयोग के लिए रखी एक लोहे की धारदार तलवार, एक लोहे का धारदार चाकू, एक लोहे की हथौड़ी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज उर्फ टूटू (18) पिता मदन उइके और राहुल (19) पिता मनीराम टेकाम निवासी ढिमराढाना थाना देहात के रूप में हुई है। नीरज उईके के खिलाफ पूर्व में थाना देहात, कोतवाली और कुंडीपुरा में संपत्ति संबंधी चार मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला तथा गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
देहात टीआई गोंविद सिंह राजपूत के नेतृत्व में शामिल टीम में एसआई हर्ष नागले, एएसआई संदीप सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक रघुवंशी, टीकाराम उईके, आरक्षक सूरज चौहान, शेर सिंह रघुवंशी, उमेश उइके, सीताराम उइके एवं सायबर सेल प्रधान आरक्षक नितिन ठाकुर एव आदित्य रघुवंशी की मुख्य भूमिका रही है। दो युवक झाडिय़ों में घुसकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें कई स्थानों पर दबिश दे रही हैं।