छिंदवाड़ा

जटिल पेट के कैंसर के मरीज को मिला नया जीवनदान, सिम्स की टीम ने किया सफल ऑपरेशन

पेट की समस्या से लंबे समय से ग्रसित था मरीज, शल्य चिकित्सा विभाग ने पाई उपलब्धी, चिकित्सकों की टीम ने गैस्ट्रोजेजुनोस्टॉमी गैस्ट्रिक बायपास सर्जरी कर भोजन के लिए नया मार्ग बनाया
2 min read
jila asptaal
jila asptaal

छिंदवाड़ा. सिम्स के डॉक्टरों की टीम ने जिला अस्पताल में पेट (गैस्ट्रिक) कैंसर से पीडि़त एक प्रौढ़ मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। कैंसर शरीर के अन्य भागों में फैल चुका था तथा भोजन के मार्ग में पूर्ण रुकावट थी, जिससे मरीज को भोजन ग्रहण करने में गंभीर कठिनाई हो रही थी। चिकित्सकों की टीम ने गैस्ट्रोजेजुनोस्टॉमी गैस्ट्रिक बायपास सर्जरी कर भोजन के लिए नया मार्ग बनाया। ऑपरेशन के बाद मरीज अब भोजन लेने में सक्षम है और उसकी जीवन-गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

निजी अस्पतालों में उपचार में भी राहत नहीं


तहसील मुखेड़ के ग्राम तारा निवासी रामलाल (45) बीते दो महीनों से खाना खाने में असमर्थता और पेट में अधिक सूजन की गंभीर समस्या से पीडि़त थे। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर निजी अस्पतालों में दिखाया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। बिगड़ती हालत के चलते परिजनों ने मरीज को छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के शल्य चिकित्सा विभाग में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने त्वरित जाँच की। सीटी स्कैन रिपोर्ट में पेट में गंभीर रुकावट और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की आशंका जताई गई। स्थिति की संवेदनशीलता देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने 29 जुलाई को ऑपरेशन का निर्णय किया।

विशेषज्ञ टीम ने पाई सफलता


मुख्य शल्य चिकित्सक डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. हेमंत अहीरवार, डॉ. निर्मल ठाकुर तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ टीम के चिकित्सकों डॉ अश्वनी पटेल, डॉ निकिता वर्मा, डॉ अंशुल जैन और नर्स ममता दूबे के सहयोग से यह जटिल ऑपरेशन संपन्न हुआ। सिम्स मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. अभय सिन्हा ने आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है तथा वह सर्जिकल आईसीयू में चिकित्सकों की निगरानी में स्वस्थ हो रहे हैं। परिजनों ने पूरी चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। सिम्स के डॉक्टरों की टीम ने जिला अस्पताल में पेट (गैस्ट्रिक) कैंसर से पीडि़त एक प्रौढ़ मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज अब भोजन लेने में सक्षम है और उसकी जीवन-गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

Updated on:
31 Jul 2026 05:46 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:46 pm