छिंदवाड़ा

पिस्टल व जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी पकड़ाए, उत्तरप्रदेश से जुड़े तार, खरीदे थे 55 हजार में

देहात पुलिस को मिली सफलता, छत्तीसगढ़ पासिंग की कार भी जब्त, आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, उत्तर प्रदेश रवाना की जाएगी विशेष टीम. पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य आरोपियों को खंगाल रही
2 min read
dehat police
dehat police

छिंदवाड़ा. देहात पुलिस ने शुक्रवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक कार जब्त की है। दोनों युवक सफेद रंग की कार जो कि छत्तीसगढ़ पासिंग की थी उसमें सवार थे तथा पोआमा पानी टंकी के पास किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। सूचना पर देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक पिस्टल और कारतूस के साथ कार में बैठे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवक विकास (25) पिता तिमाजी मसकोले निवासी कुकड़ीखापा हाल गुलाबरा गली नंबर 15 छिंदवाड़ा और मिथुन (31) पिता रामाजी उइके निवासी उसरिया थाना देहात छिंदवाड़ा को पकड़ा है।

एक वर्ष पहले खरीदी थे यूपी के व्यापारी से

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपये में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

अन्य थानों में है अपराध दर्ज

आरोपियों के खिलाफ देहात, कुंडीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली थानों में भी अपराध दर्ज हैं। जिसके आधार पर पुलिस इन आरोपियों के अन्य अपराधों से जुड़े होने की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस इन आरोपियों से जुड़े अन्य आरोपियों व साथियों की जानकारी मोबाइल डिटेल के आधार पर भी खंगाल रही है।

एक टीम रवाना की जाएगी यूपी

पिस्तौल और कारतूस बेचने वाले व्यापारी की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना की जाएगी, जो संभावित स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तारी का प्रयास करेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि और किन लोगों को इन आरोपियों ने पिस्टल सप्लाई की है।

देहात पुलिस टीम होगी पुरस्कृत

इस कार्रवाई में देहात टीआई गोविंद सिंह राजपूत, एएसआई संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज पाल, शेरसिंह, सायबर सेल प्रधान आरक्षक नितिन, आरक्षक आदित्य की विशेष भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।

Updated on:
31 Aug 2026 12:45 pm
Published on:
31 Aug 2026 12:45 pm