
छिंदवाड़ा। कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स बेचने आए दो युवक को इमलीखेड़ा तथा एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले सप्लायर को नागपुर में दबिश देकर पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल व बाइक बरामद की है। केंद्र व राज्य सरकार के मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। एएसपी आशीष खरे ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कांफ्रेंस कर इस मादक पदार्थ को लेकर कार्रवाई का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर लेकर सप्लाई की चेन को जानने का प्रयास कोतवाली पुलिस करेगी। पुलिस यह भी जानने का प्रयास करेगी कि नागपुर से लाकर इस एमडी ड्रग्स की सप्लाई किसे व कहां-कहां की जानी थी।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि विशाल (27) पिता रामकुमार विश्वकर्मा निवासी पीजी कॉलेज रोड ब्रम्हकुमारी आश्रम सिवनी अपनी बाइक से छिंदवाड़ा के औद्योगिक क्षेत्र इमलीखेड़ा पहुंचकर कोयलांचल के अनिमेष (28) पिता राजेंद्र सूर्यवंशी निवासी त्रिमूर्ति चौक न्यूटन परासिया को एमडी ड्रग्स बेचने वाला है। इस एमडी ड्रग्स की सप्लाई कोयलांचल में नशे के कारोबार को बढाऩे के लिए बेची जा रही थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने इमलीखेड़ा में घेराबंदी कर विशाल विश्वकर्मा और अनिमेष सूर्यवंशी को मौके पर पकड़ा तथा एमडी ड्रग्स बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में विशाल विश्वकर्मा ने बताया कि उसने एमडी ड्रग्स अब्दुल रशीद (49) पिता अब्दुल रहमान कुरैशी निवासी तेकानाका टेका नई बस्ती नागपुर थाना पच पावली नागपुर महाराष्ट्र से खरीदा है। जानकारी के मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की एक टीम ने नागपुर में दबिश देकर अब्दुल रशीद को पकड़ा तथा उसे छिंदवाड़ा लेकर पहुंची थी। पूछताछ में आरोपी अब्दुल रशीद ने विशाल विश्वकर्मा को एमडी ड्रग्स सप्लाई करने की बात कबूली है। पुलिस ने अब्दुल रशीद का फोन जब्त किया है जिसकी जांच के बाद आगे की कड़ी तथा पूर्व में की गई सप्लाई के संबंध में पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
कोतवाली पुलिस ने सिवनी के विशाल विश्वकर्मा को एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा है जो पूर्व में भी सिवनी में एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा चुका है। वह पूर्व से ही इस तस्करी के कारोबार में शामिल रहा है। वही ंउस पर मारपीट के आठ मामले दर्ज है। वहीं नागपुर में पकड़ा गया अब्दुल रशीद पर नागपुर में बलवा तथा मारपीट के प्रकरण दर्ज है।
एमडी ड्रग्स की सूचना पर छिंदवाड़ा सीएसपी अभिषेक चौधरी तथा कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे ने एक टीम का गठन किया था जिसमें एसआई नारायन बघेल, एएसआई ब्रिजेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक युवराज सिंह रघुवंशी, आरक्षक विकास बैस, सागर डेहरिया, परवेज हाजमी, भास्कर बघेल, सायबर सेल से प्रधान आरक्षक नितिन रघुवंशी, आरक्षक आदित्य रघुवंशी की मुख्य भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।