
छिंदवाड़ा। पुलिस ने महंगे शौक पूरे करने के लिए अपहरण और फिरौती मांगने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने यह कार्यवाही दो अक्टूबर 2026 को पवन कुमार चंद्रवंशी निवासी मुरमारी की शिकायत पर की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 26 सितंबर 2026 को मानसरोवर बस स्टैंड पर एक युवक ने लिफ्ट मांगी। लिफ्ट देने के बाद वाहन में बैठे अन्य युवकों ने खजरी रोड पर चाकू अड़ाकर, मारपीट की और उसे बंधक बना लिया। अपहरण कर उसके मोबाइल से ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराए। मना करने पर अंगूठा काटने का भी प्रयास किया था। जांच के दौरान पीडि़त युवक ने एक अपहरणकर्ता का नाम अम्मू बताया और उसकी पहचान भी कर ली। उसके खाते से अम्मू उर्फ इम्मू शाह के खाते में रुपए भी ट्रांसफर किए गए। पुलिस ने अम्मू उर्फ इम्मू शाह और उसके साथियों की तलाशकर उन्हें मते कॉलोनी छिंदवाड़ा से पकड़ा गया।
पूछताछ में कबूला अपना अपराध
पूछताछ में आरोपी अम्मू उर्फ इम्मू 18 पिता असफाक शाह निवासी शिव नगर कालोनी छिंदवाडा, उवैश 22 पिता बाबू खान निवासी मालवी नगर छिंदवाडा, शेख अलमाश उर्फ छोटे 18 पिता शेख कमाल निवासी शिव नगर कालोनी छिंदवाडा ने इस घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से 43500 रुपए, घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है।
पुलिस ने लिया रिमांड पर, दर्ज है आपराधिक रिकार्ड
पूछताछ में आरोपियों ने शहर में चोरी की अन्य वारदातें भी करना कुबूल किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जांच के लिए पुलिस ने रिमांड पर लिया है। तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड है, उन पर चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उनि रंजीत धुर्वे, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नारायण उइके, लीलाधर कुसमारिया, आरक्षक परवेज खान, अदित्य नंदनवार, भास्कर बघेल, भोलाराम, अंकित जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।