
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना पुलिस ने जमीन के मामले में डरा-धमकाकर 15 करोड़ रुपए की अवैध उगाही मांगने और धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी देवराम भलावी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को अल्फाज शाह उर्फ गोलू (40) निवासी माल्हनवाड़ा ने शिकायत की थी तथा न्यायालय के आदेश पर देवरावेन उर्फ देवीराम 29 पिता भानसाभलावी निवासी ग्राम खुटिया थाना चांद, आजाद पिता इस्माइल कुरैशी, मोहिद खान उर्फ मोनू लाल और मुबीन शाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को आजाद कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। अन्य तीन आरोपी घटना के बाद से फरार थे।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर एक टीम गठित की गई। टीम ने फरार चल रहे देवरावेन उर्फ देवीराम भलावी का पता लगाया और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद 16 नवंबर 2026 को देवराम को गिरफ्तार कर न्यायालय छिंदवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। देवराम भलावी का एक लंबा आपराधिक रिकार्ड है, जिसमें कुंडीपुरा, कोतवाली, तामिया, बिछुआ, हर्रई और चिचौली (बैतूल) थानों में दर्ज कुल 11 प्रकरण शामिल हैं।
आदिवासी की 16 एकड़ जमीन की खरीदी बिक्री मामले में फर्जी लोकायुक्त अधिकारी बनकर डराने के साथ ही अवैध उगाही के आरोपी देवीराम भलावी पूर्व में अमरवाड़ा विधानसभा का चुनाव लड़ चुका है तथा पूर्व में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिलाध्यक्ष भी रह चुका है।