छिंदवाड़ा

ठंडे बस्ते में पड़ी है ऑटो की नंबरिंग व्यवस्था, परमिट के हिसाब से पालन नहीं, शहरी क्षेत्र में संख्या दो हजार पार

पूर्व में नंबरिंग के बाद रुट होना था तय, मनमर्जी के कारण बिगड़ रहा है शहर का यातायात, सार्वजनिक स्थानों पर ज्यादा धमाचौकड़ी, 16 किमी क्षेत्र में परमिट के हिसाब से संचालन, बिना नंबरिंग और परमिट के ऑटो सडक़ों पर बेधडक़ दौड़ रहे
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:47 AM IST
chhindwara
chhindwara

छिंदवाड़ा। शहर में ऑटो की नंबरिंग व्यवस्था लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ी है। इस कारण बनाई गई ऑटो संचालन की कार्ययोजना पर अब तक अमल नहीं हो पाया है। बिना नंबरिंग और परमिट के ऑटो सडक़ों पर बेधडक़ दौड़ रहे हैं, जिससे शहर का यातायात लगातार बिगड़ रहा है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस, नगरनिगम व परिवहन विभाग के बीच समन्वय की कमी भी इस समस्या का एक प्रमुख कारण है। वर्तमान में ऑटो की संख्या इतनी ज्यादा हो गई है यातायात पुलिस को नंबरिंग फिर से करानी होगी।

सार्वजनिक स्थानों पर ज्यादा धमाचौकड़ी

शहर में काफी ज्यादा संख्या में ऑटो के संचालन के कारण प्रमुख स्थानों जिला अस्पताल के सामने, मानसरोवर कॉम्पलेक्स के सामने, परासिया मार्ग व रेलवे स्टेशन के सामने ऑटो की धमाचौकड़ी नजर आती है। कहने के लिए ऑटो के दस्तावेज पूर्ण कराते हुए नंबरिंग कराई गई है लेकिन संचालन उस हिसाब से नहीं हो रहा है। 16 किमी क्षेत्र में परमिट के हिसाब से संचालन होना चाहिए लेकिन किसी भी मार्ग पर मनमर्जी से संचालन हो रहा है।

पुलिस ने नहीं चलाया लंबे समय से अभियान

यातायात पुलिस ने ऑटो संचालकों को जागरूक करते हुए उन्हें दस्तावेज पूर्ण कराने तथा नंबरिंग कराने के लिए कहा था। डेढ़ हजार ऑटो की नंबरिंग कराई गई तथा उन्हें समय दिया गया कि नियम से व परमिट के हिसाब से संचालन कराए लेकिन दोबारा जांच नहीं होने से वर्तमान में यातायात प्रभावित हो रहा है।

तीनों विभाग को मिलकर बनानी है व्यवस्था

इस संबंध में ऑटो चालकों में ननि व प्रशासन को लेकर नाराजगी है, उनका कहना है कि ननि व यातायात पुलिस ने ऑटो स्टैंड नहीं बनाए है जिसके कारण वह ऑटो कहा खड़े करे यह एक गंभीर समस्या है। पूर्व में बैठक कर कई स्थानों को चिंहित कर व्यवस्था बनाने कहा गया था लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया, व्यवस्था नहीं बनाने के बाद कार्रवाई करना गलत बात है।

इनका कहना है।

ऑटो की नंबरिंग व्यवस्था पूर्व में कराई गई थी, अगर परमिट के हिसाब से ऑटो का संचालन किया जाना चाहिए, जिसको लेकर कार्रवाई की जाएगी। समय समय पर जांच कर चालानी कार्रवाई यातायात पुलिस कर रही है।

संदीप सुनेश, टीआई, यातायात थाना, छिंदवाड़ा

Updated on:
19 Nov 2026, 11:47 AM IST
Published on: