छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा के दमुआ थाने के सामने प्रधान आरक्षक ले रहा था 50 हजार की रिश्वत, लोकायुक्त ने दबोचा, थाने में मचा हड़कंप

फर्जीवाड़े के केस में खात्मा लगाने की एवज में मांगी थी रिश्वत, एक लाख की मांग की थी, ले रहा था पहली किस्त, पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर को की थी शिकायत, पिछले कुछ महीनों में लगातार कार्रवाई की है लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 1:47 PM IST
jabalpur lokayukat
jabalpur lokayukat

छिंदवाड़ा. लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दमुआ थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव फर्जीवाड़े के एक प्रकरण में खात्मा लगाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। एक लाख की रिश्वत की मांग के ऐवज में पहली किश्त पचास हजार रुपए दी जा रही थी, तभी लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ लिया। दमुआ थाने के सामने ही लोकायुक्त टीम ने प्रधान आरक्षक को दबोचा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार जुन्नारदेव के ग्राम डुंगरिया निवासी युवक शाहरुख खान (30) के खिलाफ उसके मामा शहीद अंसारी ने दमुआ थाना में फर्जीवाड़ा का एक प्रकरण दर्ज करवाया था। इस प्रकरण में खात्मा लगाने के लिए प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव ने शाहरुख के ममेरे भाई दानिश अंसारी (33) के माध्यम से एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

शाहरुख खान और दानिश अंसारी ने इसकी शिकायत एसपी लोकायुक्त जबलपुर से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त जबलपुर का दल शुक्रवार को दमुआ थाना के बाहर बैंक ऑफ इंडिया के सामने सडक़ पर जाल बिछाया। यहां प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रेप दल में डीएसपी रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए और निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित अन्य सदस्य शामिल थे। आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के बाद थाने में मचा हड़कंप

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने उसका सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। शनिवार को फरियादी 50 हजार रुपए की पहली किस्त लेकर पहुंचा। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने रुपए लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद थाने में हड़कंपमच गया।

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी रेखा प्रजापति, निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Updated on:
29 Nov 2026, 1:47 PM IST
Published on: