23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Chhindwara / सर्दी में बढ़ा हार्ट अटैक का खतरा, जानें इसका कारण और बचने के उपाय, छिंदवाड़ा में बढ़ रहे मामले

सर्दी में बढ़ा हार्ट अटैक का खतरा, जानें इसका कारण और बचने के उपाय, छिंदवाड़ा में बढ़ रहे मामले

Winter Heart Attack: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में ठंड बढ़ने के साथ हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है। तापमान गिरने से नसें सिकुड़ती हैं और ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

छिंदवाड़ा

•

image

Akash Dewani

•

Updated: 23 Nov 2026, 12:28 PM IST

winter heart attack causes risk blood pressure stroke

Winter Heart Attack Causes: छिंदवाड़ा में बढ़े हार्ट अटैक के मामले (फोटो सोर्स- Magnific)

Winter Heart Attack Causes: मौसम में लगातार बढ़ती ठंड अब सेहत पर भी असर डालने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका रहती है। बीते कुछ दिनों से शहर में आधा दर्जन हार्ट अटैक के मामले सामने आ चुके हैं। हार्ट अटैक और स्ट्रोक के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। सर्दियों का मौसम उन लोगों के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है, जो पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में बदलते मौसम के साथ दिल की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो गया है। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के एमडी (मेडिसिन) डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि बदलते मौसम में ठंड से बचाव के साथ दिल की सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। हृदय रोगी नियमित रूप से जांच कराते रहें।

रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती है

ठंड के मौसम में शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती हैं। इसके कारण रक्तचाप बढ़ सकता है और हृदय को शरीर में रक्त पहुंचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। ठंड में रक्त के थक्के बनने की प्रवृत्ति भी बढ़ सकती है। पहले से हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए जोखिम बढ़ा सकती हैं। यही कारण है कि सर्दियों में हृदय संबंधी समस्याओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

सुबह के समय ज्यादा सतकर्ता की जरूरत

सर्दियों में सुबह के समय तापमान काफी कम रहता है। ऐसे में अचानक बिस्तर से उठकर ठंडे वातावरण में जाना शरीर पर दबाव डाल सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि विशेषकर बुजुर्गों और हृदय रोगियों को सुबह जल्दी ठंड में बाहर निकलने से बचना चाहिए। नियमित मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को भी तापमान और अपनी शारीरिक क्षमता का ध्यान रखना चाहिए। बहुत अधिक ठंड होने पर धूप निकलने के बाद टहलना बेहतर है। इसके पहले हल्का वार्मअप कर लें।

बुजुर्गों और हृदय रोगी को अधिक खतरा

60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को सर्दियों में अपनी सेहत को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जिन्हें पहले हार्ट अटैक आ चुका है या जिनकी हृदय की पंपिंग क्षमता कम है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही व्यायाम और दिनचर्या निर्धारित करनी चाहिए। हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों को नियमित जांच कराते रहना चाहिए।

खानपान में लापरवाही पड़ सकती है भारी

ठंड के मौसम में तली-भुनी चीजों, अधिक नमक और वसा युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ जाता है। शारीरिक गतिविधियां कम होने से भी वजन और कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की आशंका रहती है। विशेषज्ञ संतुलित आहार लेने, हरी सब्जियां, मौसमी फल और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हैं। इसके साथ ही धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाना भी दिल को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।

नियमित जांच से कम होगा जोखिम

सर्दियों में दिल को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराना जरूरी है। पर्याप्त नींद लें, तनाव से बचें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित शारीरिक गतिविधियां जारी रखें। ठंड से बचने के लिए शरीर को गर्म कपड़ों से ढंककर रखें। हृदय रोग से पीड़ित मरीज किसी भी तरह का व्यायाम शुरू करने से पहले चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें। सर्दियों में सेहत के प्रति थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।

हार्ट अटैक के इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों के अनुसार सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, अचानक ठंडा पसीना आना, चक्कर आना, अत्यधिक बेचैनी और दर्द का हाथ, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंचना हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज के मरीजों में कभी-कभी लक्षण अलग भी हो सकते हैं। ऐसे लक्षण सामने आने पर तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।