ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करना होगा।
छिंदवाड़ा. कॉलेजों में स्नातक, स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए आयोजित किए जा रहे सीएलसी तृतीय चरण(अंतिम चरण) के अंतर्गत मंगलवार को सभी कॉलेजों ने प्रवेश लिस्ट जारी कर दी है। इस चरण में सभी सीटों को अनारक्षित कर दिया गया है। गुणानुक्रम के आधार पर रिक्त सीटों पर आवेदक विद्यार्थियों को सीट आवंटन किया गया है। जिन विद्यार्थियों का प्रवेश लिस्ट में नाम है उन्हें 13 जुलाई तक हर हाल में ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करना होगा। ऐसा न करने पर उनका सीट आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि विद्यार्थियों को उम्मीद थी कि उन्हें फीस जमा करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग एक से दो दिन और समय देगा, लेकिन मंगलवार तक इस संबंध में विभाग ने कोई आदेश जारी नहीं किया। गौरतलब है कि कॉलेजों को 10 जुलाई को ही प्रवेश लिस्ट जारी करनी थी, लेकिन उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों को डाटा नहीं भेजा और 10 जुलाई को छुट्टी पड़ गई। विभाग ने 11 जुलाई की शाम कॉलेजों को डाटा भेजा। ऐसे में विद्यार्थियों को सीट आवंटन की जानकारी 12 जुलाई की सुबह लगी। जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। ऐसे में विद्यार्थी फीस जमा करने के लिए एक से दो दिन और मोहलत मांग रहे हैं। हालांकि सीएलसी तृतीय चरण में विद्यार्थी आवश्यक होने पर अपग्रेडेशन का विकल्प भी दे सकते हैं। 14 जुलाई को अपग्रेडेशन से रिक्त स्थान के लिए गुणानुक्रम के आधार पर शेष आवेदकों को आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। ऐसे विद्यार्थी 16 जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे। इसी के साथ ही लगभग डेढ़ माह से चली आ रही प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।
कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित
उच्च शिक्षा विभाग ने इस बार कॉलेजों में प्रवेश के लिए चार चरण आयोजित करने के लिए समय-सारणी जारी की थी। प्रथम चरण के बाद सीएलसी प्रथम चरण, सीएलसी द्वितीय चरण एवं सीएलसी तृतीय चरण आयोजित हो रहा है। हालांकि अभी सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिजल्ट न आने से कई विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन नहीं किया है। यह बात अलग है कि उच्च शिक्षा विभाग ने टर्म वन के परीक्षा परिणाम के आधार पर सीबीएसई विद्यार्थियों को प्रावधिक प्रवेश लेने के लिए कहा था, लेकिन कई विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया। वहीं कई विद्यार्थियों को मनपसंद विषय नहीं मिल पाया है। कुछ कॉलेजों में काफी सीट रिक्त है। ऐसे में मांग हो रही है कि विभाग प्रवेश के लिए एक और चरण बढ़ाए।