छिंदवाड़ा

प्लास्टिक मुक्त होगा देवगढ़ और चिमटीपुर, पर्यटक नहीं ले जा पाएंगे साथ

जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय, चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान

less than 1 minute read
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक

छिंदवाड़ा. जिले के पर्यटन विकास को नई दिशा देते हुए पर्यटन ग्राम देवगढ़ और चिमटीपुर को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। दोनों पर्यटन ग्रामों में प्लास्टिक सामग्री के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पर्यटक गांव के भीतर पानी की प्लास्टिक बोतलें एवं खाद्य सामग्री के प्लास्टिक पाउच नहीं ले जा सकेंगे। इसके लिए गांव के बाहर जांच नाका स्थापित किया जाएगा। जिला प्रशासन स्थानीय जनसमुदाय के सहयोग से इस पहल को प्रभावी रूप से लागू करेगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, डीएफओ साहिल गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, नगर निगम आयुक्त सीपी राय, नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी सहित परिषद के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इन बिंदुओं को लेकर भी लिए गए निर्णय

पर्यटन स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इससे पर्यटन स्थलों की पहचान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। जिले के 12 गांवों में 100 से अधिक होम स्टे निर्माणाधीन हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। कुकड़ीखापावॉटर फॉल के विकास हेतु तैयार प्रस्ताव मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव में रेलिंग, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास संबंधी बिंदु शामिल हैं। तामिया में प्रस्तावित ओपन थिएटर निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। मुख्यालय से प्रमुख पर्यटन स्थलों तक बस संचालन का प्रस्ताव रखा गया। पर्यटन ग्रामों में सामुदायिक भवन निर्माण तथा देवगढ़ एवं चोपना में सडक़ निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का निर्णय लिया गया।

Published on:
17 Feb 2026 12:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर