छिंदवाड़ा

धनतेरस आज, मिलेगा धनलक्ष्मी का आशीर्वाद

धनतेरस की पूर्व संध्या पर ही सोमवार को शहर के बाजार दुल्हन की तरह सज गए।

3 min read


छिंदवाड़ा. धनतेरस की पूर्व संध्या पर ही सोमवार को शहर के बाजार दुल्हन की तरह सज गए। छोटी बाजार, गांधीगंज, पुराना छापाखाना, नरसिंहपुर रोड, परासिया रोड, नागपुर रोड, महोबे मार्केट सहित चारों तरफ चकाचौंध थी। रोशनी से दमकते महोबे मार्केट, गोलगंज, बुधवारी बाजार, शनिचरा बाजार, श्याम टाकीज बाजार धनतेरस पर ‘लक्ष्मी के स्वागत’ के लिए आतुर हैं। त्रयोदशी की शुभ घड़ी पर मंगलवार को इन बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ेगी। व्यवसायियों का अनुमान है कि इस बार धनतेरस पर करोड़ों रुपए का कारोबार होगा।

ऑटोमोबाइल सेक्टर
ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस समय मीडियम रेंज की कारों का मार्केट सबसे ज्यादा उठा हुआ है। बेहतर माइलेज, आकर्षक डिजाइन और ढेरों एडवांस फीचर्स वाली मीडियम रेंज की छोटी कारें मध्यम वर्ग की पहली पसंद बनी हुई हैं। इसे देखते हुए हर कंपनियों ने लेटेस्ट कार बाजार में उतारी हैं। वहीं टू-व्हीलर्स शोरूम धनतेरस के लिए तैयार हैं। सभी कंपनियों की बाइक की एडवांस बुकिंग हो चुकी है और धनतेरस में चार सौ से ज्यादा बाइक की खरीददारी तय मानी जा रही है।


सोना सबसे के लिए खरा, शादियों के लिए भी खरीदारी
सर्राफा बाजार हर बार की तरह इस बार भी दमकने को तैयार है। कारोबारियों ने बेहतर मांग को देखते हुए नई डिजाइन के आभूषणों का जोरदार स्टॉक कर रखा है। चांदी के डिनर सेट सहित दूसरे गिफ्ट आइटम भी सराफा बाजार में नया आकर्षण हैं। चांदी के नोट की भी काफी डिमांड देखी जा रही है। इनकी कीमत २०० से लेकर 60 हजार रुपए तक बनी हुई है। वहीं सोने और चांदी की सिक्कों की भी मांग देखी जा रही है। इसके साथ ही इस बार डायमंड और प्लेटिनम ज्वेलरी में भी अच्छी मांग आने की उम्मीद को देखते हुए प्रमाणिकता के साथ उक्त ज्वेलरी और नग उपलब्ध कराए गए हैं। सराफा बाजार में आकर्षक ऑफर पेश किए गए हैं। कहीं कम दाम पर सोने की बुकिंग का लाभ दिया जा रहा है तो कहीं नगद छूट और विशेष उपहार की सौगात दी जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक्स
धनतेरस पर नए ग्राहकों की तलाश के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में नए आकर्षण उतारे गए हैं। लेटेस्ट टेक्नॉलाजी के साथ प्रोडक्ट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। सभी कंपनियों के साथ शॉप ऑनर भी ऑफर दे रहे हैं। शुन्य प्रतिशत ब्याज पर फाइनेंस सुविधा ने इलेक्ट्रानिक्स बाजार में रौनक ला दी है।

आकर्षक उपहार की स्कीम
बाजार में हर जगह नए की धूम है। सराफा, रियल एस्टेट, इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार हो या ऑटो मोबाइल सेक्टर सभी जगह लोगों की नजर प्रोडक्ट की खूबियों पर है। अपने पैसे की पूरी कीमत वसूलने की चाहत में लोग पहले विभिन्न उत्पादों की तुलना कर रहे हैं, तब जाकर खरीदारी पर मोहर लगा रहे हैं। उपभोक्ताओं की इस मानसिकता को भांपते हुए कंपनियों ने भी इस बार अपने उत्पादों में कई नए फीचर्स के साथ आकर्षक उपहार देने की भी स्कीम दे रखी हैं।

बर्तनों की होगी खूब बिक्री
दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस से प्रारंभ होती है। इस दिन बर्तनों की खरीदारी काफी शुभ मानी जाती है, इसके चलते आमजन इन्हें खरीदते हैं। खरीदारी के लिए बर्तनों का बाजार सजकर तैयार है। इस बार बाजार में कलर कोटेड बर्तन बिकने के लिए आए हैं। स्टील, तांबा और पीतल के इन बर्तनों में कलर कोटिंग के साथ-साथ मीनाकारी भी देखने को मिलेगी। ये नए बर्तन देखते ही ग्राहक को आकर्षित कर लेंगे।

बैंक भी तैयार
धनतेरस पर एटीएम से पैसे की सही डिलेवरी जारी रखने के लिए सभी बैंकों ने विशेष तैयारी कर रखी है। धनतेरस पर एटीएम में हर पल कैश पर नजर रखने के साथ ही दिन में चार से पांच बार कैश डालने की व्यवस्था की गई है। लीड बैंक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को ही केवल बैंक में अवकाश है। बाकी दिन बैंक खुले हैं। इसलिए नकदी की कोई समस्या नहीं है। सभी एटीएम सुचारू रूप से चलेंगे।

नए फर्नीचर का आकर्षण
दीपावली के खास मौके पर बाजार में नए स्टाइलिश फर्नीचर की मांग बनी हुई है। घर को नया रुप-रंग देने के लिए लोग पारंपरिक की बजाय स्टाइलिश फर्नीचर पसंद कर रहे हैं। शो-रूम में ब्रांडेड कम्पनियों समेत स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए फर्नीचर 8 हजार रुपए से डेढ़ लाख रुपए तक की रेंज में उपलब्ध कराए गए हैं। त्योहार में आकर्षक ऑफर को देखते हुए लोग शादियों के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस पर अच्छा कारोबार होगा।

रियल एस्टेट ने पकड़ी रफ्तार
नोटबंदी के बाद रीयल एस्टेट का काम काफी मंदा हो गया था, लेकिन पिछले कुछ समय से इस सेक्टर ने तेजी सेे बूम किया है। बैंकों द्वारा कम ब्याज पर होम लोन देने के साथ-साथ रेरा के लागू होने के बाद से इस सेक्टर ने फिर से रफ्तार पकड़ी है। बिल्डर्स ने अपने प्रोजेक्टों पर दीपावली के मौके पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कार, नगद छूट सहित अन्य कीमती उपहारों का ऑफर का आकर्षण दे रखा है। इससे लोगों को प्रॉपर्टी की ओर रुझान बढ़ा है। शहर में विभिन्न प्रोजेक्ट में लोगों की जरूरत के हिसाब से नैनो फ्लैट से लेकर लक्जीरियस फ्लैट, ड्ïयूप्लेक्स, पेंट हाउस उपलब्ध कराए गए हैं। धनतेरस पर रियल एस्टेट क्षेत्र में अच्छे कारोबार की संभावना जताई जा रही है।

उपहार देने मोबाइल खरीद रहे लोग
पिछले कुछ समय से मोबाइल फोन का बाजार बड़े रूप में उभरकर सामने आया है। घर के छोटे से लेकर बड़े व्यक्ति की पसंद बन चुके मोबाइल फोन की इस त्योहारी सीजन में
भी जमकर बिक्री होगी। मोबाइल कंपनियों ने भी बाजार में कई फीचर और खूबियों वाले फोन उतारे हैं। इसके लिए लुभावनी स्कीम भी चलाई जा रही हैं।

Published on:
17 Oct 2017 11:44 am
Also Read
View All