छिंदवाड़ा

Weather: रिमझिम बारिश से भीगता रहा शहर, झमाझम बारिश का इंतजार

हवा पश्चिम दिशा में बहने एवं 13-21 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। किसानों को एडवाइजरी जारी की गई है। जिले के सामान्य वर्षा से लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
3 min read
Drizzling rain

जिले में सामान्य वर्षा से 30 प्रतिशत कम बारिश


छिंदवाड़ा. जिले में बीते कुछ दिनों से रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। हालांकि भादो माह में लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है। गुरुवार को सुबह से लेकर देर रात तक रूक-रूककर विभिन्न क्षेत्रों में रिमझिम बारिश होती रही। शाम को बारिश की वजह से बाजारों में असर देखने को मिला। चौक-चौराहों में यातायात व्यवस्था लडखड़़ाती हुई दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 120 घंटों के दौरान (4 से 8 सितम्बर) घने बादल रहने एवं 4 सितंबर को गरज-चमक, तेज हवा के साथ बहुत भारी बारिश एवं 5, 7 सितंबर को भारी बारिश एवं 6, 8 सितंबर को गरज-चमक, तूफान, बिजली और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेंटीग्रेट एवं न्यूनतम तापमान 20-21 डिग्री सेंटीग्रेट के मध्य रहने की संभावना है। अधिकतम सापेक्षिक आद्र्रता 91-99 प्रतिशत एवं न्यूनतम सापेक्षिक आद्र्रता 91-99 प्रतिशत रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में हवा पश्चिम दिशा में बहने एवं 13-21 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। मौसम को देखते हुए किसानों को एडवाइजरी जारी की गई है। भारी वर्षा होने की संभावना को देखते हुए खेतों में कीटनाशक व फफूंद नाशक दवाओं एवं नत्रजन युक्त उर्वरकों का उपयोग मौसम खुलते तक न करने की सलाह दी गई है। वहीं जिन स्थानों पर अंकुरण कम हुआ है या फसल नस्ट हो गई है उन स्थानों पर फसल की आकस्मिक कार्ययोजनान्तर्गत कम समय में पकने वाली फसल बरबटी, ग्वारफली, सेमी, तिल, रामतिल आदि फसलों की बोवनी करने की सलाह दी गई है। वर्षा आधारित एक फसली खेती में अरहर व अरण्डी की फसल ली जा सकती है। बारिश और तूफान के दौरान बुआई, रोपाई, छिडक़ाव और फर्टिलाइजर डालने का काम न करें।

जिले में अभी तक 686.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले की औसत वर्षा 1059 मिमी है एवं जिले में अभी तक 686.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। यानी अब तक जिले के सामान्य वर्षा से लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 859.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में 03 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान 9.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान जिले की तहसील छिंदवाड़ा में 9.4, मोहखेड़ में 0.2, तामिया में 22, अमरवाड़ा में 14.2, चौरई में 07, हर्रई में 19.4, बिछुआ में 08, परासिया में 2.1, जुन्नारदेव में 4.8, चांद में 15.2 और उमरेठ में 7.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में एक जून से अभी तक तहसील छिंदवाड़ा में 401.6, मोहखेड़ में 492.3, तामिया में 846.2, अमरवाड़ा 653, चौरई में 699.6, हर्रई में 992.8, बिछुआ 563.1, परासिया में 491.9, जुन्नारदेव में 700.2, चांद में 730.1 और उमरेठ में 852.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

पॉलीहाउस निर्माण पर मिलेगा 19 लाख तक अनुदान
जिले के किसानों के लिए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पॉलीहाउस निर्माण हेतु अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को ग्रीन हाउस ट्यूबुलर स्ट्रक्चर (पॉलीहाउस) निर्माण पर लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। पात्र किसानों को अधिकतम 19 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी। उद्यानिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए 4000-4000 वर्गमीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत 2080 से 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल तक के पॉलीहाउस निर्माण पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। पॉलीहाउस तकनीक के माध्यम से किसान नियंत्रित वातावरण में उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण फसलों का उत्पादन कर अधिक लाभ अर्जित कर सकते हैं। विभाग ने इच्छुक किसानों से योजना का लाभ लेने हेतु समय पर आवेदन करने की अपील की है। योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अथवा ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं एवं आवेदन कर सकते हैं।

Updated on:
04 Sept 2026 02:16 pm
Published on:
04 Sept 2026 02:16 pm