
छिंदवाड़ा. राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश पर स्कूलों के मूल्यांकन के लिए दिसम्बर में हुई परीक्षा के आधार पर स्कूलों की ग्रेडिंग जारी की गई है। इसमें जिले के २६८५ प्राथमिक तथा १०४१ माध्यमिक स्कूलों को शामिल किया गया। इस परीक्षा में ज्यादातर स्कूलों को प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। परिणामों के अनुसार प्राथमिक स्तर के १३०० और माध्यमिक स्तर के मात्र ५९३ स्कूलों को ‘ए’ ग्रेड में चुना गया। जिला शिक्षा केंद्र छिंदवाड़ा से मिली जानकारी के अनुसार शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर स्कूलों की ग्रेडिंग निर्धारित की गई है।
रक्तदान को लेकर डीईओ ने ली स्कूल में बैठक
कलेक्टर जेके जैन के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग तथा जनजाति कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ४ फरवरी को वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें समस्त बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य, जनशिक्षक तथा अशासकीय स्कूलों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर डीईओ आरएस बघेल ने शिविर में अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया तथा ४ फरवरी को सौंसर उत्कृष्ट विद्यालय व उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में आयोजन किया जाएगा। बीईओ आईएम भिमनवार, प्राचार्य लक्षमण तुरनकर, नोडल अधिकारी सतीश दुबे, सहायक नोडल अधिकराी विनोद तिवारी सहित प्राचार्य, जनशिक्षक एवं शिक्षा विभाग के लोग उपस्थित थे।
शिविर में होगा इलाज
गायत्री शक्तिपीठ मधुबन कॉलोनी में निशुल्क होम्योपैथी शिविर का आयोजन रविवार को किया गया है। सुबह ११ बजे से दोपहर एक बजे तक विभिन्न बीमारियों का इलाज होम्योपैथी और जड़ी-बूटियों से किया जाएगा। हर रविवार को वेदमामा गायत्री चिकित्सालय यह शिविर लगाता है। विशेष यह कि शाम को ६ से ७ बजे तक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता पाठक योगासन कैसे किया जाए यह बताएगी
मुख्यमंत्री का प्रेरणा संवाद कार्यक्रम आज
कक्षा दसवीं तथा बारहवीं के छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा में आने वाली दिक्कत तथा अन्य समस्याओं को लेकर तीन फरवरी को सुबह ११.३० बजे प्रेरणा संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह छात्रों को संबोधित करेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संदर्भ में समस्त प्राचार्यों को टेलीविजन की व्यवस्था कर छात्रों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए है।