अमरवाड़ा के ग्राम रानीकामथ का मामला, बच्चे की मौत के बाद शक होने पर आरोपी ने उतारा मौत के घाट
छिंदवाड़ा. अमरवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम रानीकामथ में विवाद में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी उपचार के दौरान अमरवाड़ा अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने प्रकरण की जांच की तो जादू टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या होना सामने आया है। आरोपी को दो बर्ष पूर्व बच्चे की मौत पर जादू टोने का शक बुजुर्ग पर था जिसके बाद उसने विवाद में हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अुनसार पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अप्रेल की शाम को रानीकामथ में विवाद हो रहा है, पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल हरिराम (62) पिता रूपचंद उइके को उपचार के लिए अमरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया था, उपचार के दौरान हरिराम ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच की तो पाया कि गांव के दिनेश इनवाती का दो वर्ष पूर्व बेटा पैदा होने के एक दो दिन उसकी मौत हो गई थी। तभी से दिनेश इनवाती को हरिराम उइके पर जादू टोना करने का शक था। दो अप्रेल 2026 को 4.30 बजे इसी बात को लेकर विवाद हुआ तथा दिनेश इनवाती ने हरिराम उइके के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद हरिराम उइके बेहोश हो गया तथा दिनेश इनवाती मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने हत्या के प्रकरण में आरोपी को पकड़ा तथा उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि मृतक हरिराम उइके कहता था कि बच्चे पर जादू टोना कर खा जाउंगा उसे जीने नही दूंगा तथा बच्चा बीमार रहता था। इस हत्या के खुलासे में अमरवाड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे, एसआई विजेंद्र मार्को, एएसआई नूरसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक जयसिंह बघेल की मुख्य भूमिका रही है।
कुंडीपुरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रिंगरोड चांद अतरवाड़ा बायपास के समीप यात्री प्रतिक्षालय में दबिश देकर युवक के पास से डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है। युवक गांजे की तस्करी करते हुए बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अप्रेल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि चांद अतरवाड़ा बायपास पर एक लडक़ा हाथ में एक थैला लेकर खड़ा है जिसमें गांजा रखा हुआ है तथा वह गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी तथा मौके से निसार उर्फ चंडाल (21) पिता अहसाद अली निवासी चौड़ा बाबा मंदिर के पास पातालेश्वर कुंडीपुरा को पकड़ा। पुलिस ने युवक के पास से 1.492 किलो मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है जिसकी कीमत बीस हजार रुपए है। इस कार्रवाई में कुंडीपुरा थाना प्रभारी एसआई महेंद्र भगत, एसआई अरबिंद बघेल, मानसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक अजय रघुवंशी, रविंद्र ठाकुर, विनोद राजपूत, आरक्षक जीवन रघुवंशी, सतेंद्र, ब्रजेश, प्रदीप चंद्रवंशी, दुर्गा बरकड़े, साइबर सेल नितिन, आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही है।