छिंदवाड़ा

सोनपुर में डिस्पोजल फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान, रविवार-सोमवार दरमियानी रात की घटना

सुबह छह बजे आग पर पाया गया काबू, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

3 min read
sonpur

छिंदवाड़ा. शहर से लगे सोनपुर मार्ग पर स्थित गणेश वेयर हाउस में संचालित डिस्पोजल फैक्ट्री में लाग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दो बजे आग लगने की घटना हुई है देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया तथा फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। देर रात लगी आग पर सोमवार सुबह छह बजे तक काबू पाया जा सका था। सूचना पर नगरनिगम के साथ ही आसपास के नगरपालिका व नगर परिषदों से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, कच्चा माल व डिस्पोजल सामग्री थी जो कि ज्वलनशील होने पर आग तेजी से फैल रही थी। आग लगने का प्रथम दृष्टता कारण शॉर्ट सर्किट होना है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री दीपक (30) पिता लालचंद साहू की है तथा फैक्ट्री के बाजू में एक ही परिसर में उनका निवास भी है। सूचना पर पुलिस, नगर निगम व राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।

परिवार के दो लोग मामूली झुलसे

परिवार के लोगों के अनुसार रात में लाइट गुल हुई थी तथा जैसे ही लाइट आई तो फैक्ट्री के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया था, जब अंदर जाकर देखा गया तो आग भभकने लगी थी। आग लगने के समय फैक्ट्री परिसर में बने घर में परिवार मौजूद था। परिवार के लोगों ने पहले आग बुझाने का प्रयास किया था जिसमें एक बुजुर्ग तथा फैक्ट्री संचालक दीपक साहू भी मामूली रूप से घायल हुए है। फैक्ट्री को जलता देख परिजनों के आंखों में आंसू थे, स्थानीय लोग परिवार को संभाल रहे थे। फैक्ट्री परिसर में सिलेंडर और जनरेटर के लिए डीजल रखा था, स्थानीय लोगों ने जिसे बाहर निकाल लिया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घर में रखे तकरीबन 28 लाख रुपए भी परिजनों ने बाहर निकाल लिए थे। आग बढऩे से फैक्ट्री के बाजू में स्थित नरवाई में भी आग लग गई थी।

ननि कर्मचारियों को करनी पड़ी मशक्कत

आग लगने की सूचना पर नगरनिगम की फायर ब्रिगेड 2.41 के बाद पहुंच गई थी। आग बढ़ती देख अमरवाड़ा, चौरई, डोंगर परासिया के फायर ब्रिगेड वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया था। तकरीबन छह फायर ब्रिगेड तथा तीन टैंकरों की मदद से आग पर सुबह तक काबू पाया जा सका है। आग में नुकसान को लेकर फैक्ट्री संचालक ने अभी शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

नहीं थी फैक्ट्री में फायर एनओसी

सहायक फायर अधिकारी अभिषेक दुबे ने बताया कि डिस्पोजल फैक्ट्री में फायर एनओसी नहीं थी तथा उद्योग संचालित हो रहा था। फायर ब्रिगेड ने कई घंटों के बाद आग पर काबू पाया था, लगातार कर्मचारी आग बुझाने में जुटे रहे।

ट्रक में लदी गद्दे की रुई में लगी आग, समय रहते पाया काबू

शहर के छोटा तालाब के पास स्थित हुसैन ग्राउंड के सामने एक गोदाम के बाहर खड़े रुई से भरे ट्रक में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गई। ट्रक पर गद्दे की रुई बड़ी बोरियों में भरी हुई थी, ट्रक के केबिन के ऊपर से अचानक लोगों को धुआं उठता दिखा था। जिसके बाद मौके पर हडक़ंपमच गया तथा लोग आग बुझाने में जुट गए। आग फैलने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने घरों से पाइप के सहारे से ट्रक पर पानी डालना शुरू कर दिया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ट्रक में भरी रुई पास के गोदाम में गद्दे बनाने के लिए लाई गई तथा ट्रक खड़ा था तभी धुआं उठता दिखा था। आग और पानी के चलते ट्रक में भरी रुई खराब हो गई तथा दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आटा चक्की जलकर खाक

मोहगांव में सोमवार की दोपहर 2.30 बजे आटा चक्की में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पटाखे फूटने जैसी आवाज आने पर लोगों ने देखा तो जानकारी लगी कि आटा चक्की से धुआं निकल रहा है। आटा चक्की संचालक न्यानेश्वरसेंबेकर ने बताया कि मेरे पहुंचने से पहले मोहल्ले वालों ने आग पर पानी डालना शुरू कर दिया था और मौके पर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। आग पर काबू कुछ देर में पाया गया, जिससे आटा चक्की, मीटर तथा केवल पूरी तरह जल चुके थे। शार्ट सर्किट से आग लगना तथा तकरीबन 90 हजार का नुकसान हुआ है।

Published on:
14 Apr 2026 12:18 pm
Also Read
View All