छिंदवाड़ा

सराफा व्यापारी के साथ सोना व चांदी की लूट के पांच आरोपी पकड़ाए, दो आरोपी सोना लेकर फरार

देहात पुलिस ने किया प्रकरण का खुलासा, रेकी के बाद बाजार कर लौट रहे व्यापारी पर हमला कर दिया था वारदात को अंजाम

2 min read

छिंदवाड़ा. देहात थाना अंतर्गत ग्राम खंसवाड़ा में 26 जनवरी 2026 को साप्ताहिक बाजार में सोना व चांदी की दुकान लगाकर अपनी बाइक से लौट रहे सराफा व्यापारी ओमचंद्र (70) पिता हरलाल सोनी निवासी गांगीवाड़ा के साथ दो बाइक सवार चार युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस प्रकरण का देहात पुलिस ने खुलासा करते हुए लूट के पांच आरोपियों को पकड़ा है जबकि दो आरोपी अभी फरार है। पिछले कई दिनों से रेकी कर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। लूट का प्रकरण दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुटी तथा काफी मशक्कत कर आरोपियों को पकड़ा तथा उनसे चांदी के तकरीबन दो किलो 300 ग्राम चांदी तकरीबन छह लाख रुपए की बरामद की है। पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, सीएसपी अजय राणा तथा देहात टीआई गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सराफा व्यापारी ओमचंद्र सोनी ने शिकायत कर बताया था कि 26 जनवरी 2026 को वह ग्राम खंसवाड़ा साप्ताहिक बाजार से अपनी बाइक से अपने घर गांगीवाड़ा लौट रहा था। रास्ते में भमाड़ा चौक से कुंडाली खुर्द मार्ग पर बगीचा के समीप शाम 5.45 बजे पीछे से दो बाइक पर सवार चार लोग आए तथा बाइक को गिराते हुए खेत में ले गए तथा मारपीट करते हुए बैग छीन के भाग गए।

सचिन सोनी था लूट का मास्टर माइंड, है दूर का रिश्तेदार

पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर आकाश (23) पिता कुमेर मालवीय निवासी काशीनगर देहात तथा राजेश (25) पिता गोपाल मालवी निवासी काशीनगर देहात को पकड़ा तथा पूछताछ की तो सामने आया कि सचिन (27) पिता गोविंद सोनी निवासी सोनी मोहल्ला छोटी बाजार ने लूट की योजना बनाई थी। सचिन सोनी भी पहले बाजार में सोने चांदी की दुकान लगाता था तथा वह शिकायतकर्ता ओमचंद्र सोनी का दूर का रिश्तेदार भी लगता है। जिसके कारण उसे मालूम था कि ओमचंद्र सोनी दुकान लगाने कब आता है तथा किस मार्ग का उपयोग करता है। मुख्य आरोपी सचिन सोनी ने इस लूट के लिए राजेश मालवी, आकाश मालवीय के साथ ही बिलाल उर्फ बिल्ला (26) पिता मुस्ताक खान निवासी विसु नगर देहात, कीकू उर्फ केकड़ा उर्फ शेखर भारती निवासी चांदामेटा तथा राहुल रसियन निवासी परतला देहात, नैतिक उर्फ नेता निवासी परतला देहात तथा एक नाबालिग को साथ मिलाया था। वारदात के बाद सभी आरोपियों ने चांदी के जेवर आपस में बांट लिए थे तथा सोने के जेवर सचिन सोनी के कहने पर केकू उर्फ केकड़ा के पास रखवा दिए थे। जिसके बाद तय हुआ था कि सोने के रेट बढऩे पर सोने के जेवर को बेचा जाएगा।

चांदी तो बरामद, सोने लेकर तीन आरोपी फरार

पुलिस ने चांदी के जेवरात तो पकड़े गए आरोपियों से बरामद कर लिए है लेकिन 100 ग्राम सोना अभी जब्त होना बाकी है जो कि फरार आरोपी शेखर उर्फ केकू, नैतिक उर्फ नेता तथा राहुल रसियन के पास है। जिनकी तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है, पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से रेकी में उपयोग की गई बाइक भी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों पर पूर्व में भी देहात तथा अन्य थाना में कई मामले दर्ज है। इस लूट के खुलासे में टीआई देहात गोविंद सिंह राजपूत, एसआई दुर्गेश तिवारी, एएसआई संदीप राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज, शेरसिंह, पन्नालाल सहित साइबर सेल आरक्षक आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह की मुख्य भूमिका रही है।

Published on:
05 Feb 2026 11:39 am
Also Read
View All

अगली खबर