- सांसद ने ली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक
सिंचाई कॉम्प्लैक्स वृहद परियोजना से 1,90,500 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई संभव होगी। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में सांसद बंटी साहू ने विशेष रूप से परियोजना को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि पेंच व्यपवर्तन परियोजना के तहत पेंच माइक्रो सिंचाई कॉम्प्लैक्स-1 प्रणाली को जून 2025 तक पूरा किया जाए। कॉम्प्लैक्स-2 की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में तकनीकी बाधाओं को जल्द से जल्द दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर पानी उपलब्ध न होने से किसानों को काफी दिक्कत होती है, इसलिए परियोजनाओं का काम तेज गति से आगे बढ़े।
व्यापार एवं उद्योग केंद्र की योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 40,000 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सांसद साहू ने सभी आवेदकों की सूची उपलब्ध कराने और जल्द से जल्द उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
ऊर्जा विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में छह नए 33/11 केवी उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से दमुआमाल-पटनिया का उपकेंद्र चार्ज हो चुका है, जबकि आंचलकुंड एवं जमुनिया में कार्य प्रगति पर है। वहीं सांगाखेड़ा और चोरडोंगरी में लेबलिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दूरदराज के गांवों में सौर ऊर्जा पैनल लगाने की योजना पर चर्चा हुई। जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि संसदीय क्षेत्र में 18 नए सीएम राइज स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से प्रथम चरण के विद्यालयों का निर्माण जल्द पूरा कर आगामी सत्र से संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए। जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में सभी आदिवासी परिवारों को शत प्रतिशत लाभ देने पर जोर दिया। सांसद साहू ने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित ‘तराश’ परियोजना की जानकारी दी, जिसमें माइनिंग क्षेत्र के 15 किमी के दायरे में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को जेईई और नीट-यूजी की कोचिंग के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। सांसद ने संजीवनी केंद्रों के संचालन में देरी पर नाराजगी जताई।