Kamal Nath Birthday: जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओक्टे ने कहा-50 की उम्र में मनाया था, इस वर्ष साथ में काटेंगे केक
Kamal Nath Birthday: वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ 28 साल बाद अपने जन्मदिन पर 18 नवंबर को छिंदवाड़ा में सभी कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ होंगे। उनके जन्मदिन की तैयारियां कांग्रेसजनों ने शुरू कर दी हैं। इस बार वे हम सभी के साथ अपना जन्मदिन केक काटेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने राजीव भवन में पत्रकारों को दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओक्टे ने बताया कि पिछली बार कमलनाथ जब 50 वर्ष की उम्र में थे, तब उन्होंने कांग्रेसजनों के साथ अपना जन्म दिन मनाया था। लम्बे अरसे के बाद वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ होंगे, इससे उनका उत्साह दोगुना हो गया है। इस दिन 18 नवंबर को कमलनाथ और नकुलनाथ सुबह सबसे पहले सिमरिया हनुमान मंदिर दर्शन करने जाएंगे। फिर राजीव भवन में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
कांग्रेसजन उनकी दीर्घायु की कामना के लिए अनगढ़ हनुमान मंदिर और भैय्याजी की दरगाह जाएंगे। निनाद ललित कला समिति के पदाधिकारी व कांग्रेस समन्वयक आनंद बक्षी ने बताया कि कमलनाथ के जन्मदिन पर शाम 6.30 बजे पोला ग्राउण्ड में देश के सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी ओजस्वी वाणी से रचनाएं पाठ करेंगे। उनके साथ पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, रमेश मुस्कान, दिनेश बावरा, कविता तिवारी और प्रीति पाण्डेय भी अपनी रचनाएं पेश करेंगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा तिवारी ने कहा कि कमलनाथ के जन्मदिन की तैयारियों में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। यह भव्य कार्यक्रम होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव और प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने भी जानकारी दी।