रविवार को आयोजित होनी है राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा का आयोजन
छिंदवाड़ा. राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के अंतर्गत जिला मुख्यालय में निर्धारित परीक्षा केंद्र क्रमांक 10/4 शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलाशनगर की गूगल लोकेशन त्रुटिपूर्ण प्रदर्शित हो रही है। कार्यालय प्राचार्य शासकीय कन्या उमावि कैलाशनगर ने बताया कि इस परीक्षा केंद्र की लोकेशन गूगल मैप पर इमलीखेड़ा क्षेत्र की ओर प्रदर्शित हो रही है, जबकि वास्तविक परीक्षा केंद्र चार फाटक, नरसिंहपुर रोड स्थित बालाजी प्लाजा के सामने, कैलाशनगर में स्थित है। संस्था ने गूगल प्लेटफॉर्म पर लोकेशन संशोधित करने की कार्रवाई कर दी है, लेकिन अभी तक अद्यतन परिलक्षित नहीं हुआ है। ऐसे में परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु परीक्षा केंद्र का सही पता प्रसारित किया जा रहा है। परीक्षार्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए केंद्र के सही पते की पूर्व जानकारी सुनिश्चित कर लें। बता दें कि जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा का आयोजन 26 अप्रेल को दो सत्र में किया जाएगा। परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नई तकनीक आधारित नवीन त्रि-स्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है।
छिंदवाड़ा. कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग प्रमुखों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा चिन्हित जिले के 387 हाई रिस्क ग्राम व वार्ड में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 24 मार्च 2026 से 2 जुलाई 2026 तक नि-क्षय शिविरों का आयोजन सभी विकासखण्डों में किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक संभावित मरीजों की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाना लक्ष्य है। अभियान के अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों की टीबी स्क्रीनिंग के साथ ही एक्स-रे, मॉलिक्यूलर टेस्ट, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर तथा बीएमआई की जांच की जा रही है। कलेक्टर ने सभी विभागों से अपेक्षा की है कि राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे जिले में संचालित यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके और लक्ष्य की प्राप्ति में छिंदवाड़ा जिला अग्रणी भूमिका निभा सके।
छिंदवाड़ा. उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत तीन नवीन ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। नियुक्तियों के तहत श्याम सिंह तुरीया को विकासखंड हर्रई, ज्योति अहिरवार को विकासखंड मोहखेड़ एवं शिव बिसेन को विकासखंड जुन्नारदेव में पदस्थ किया गया है। नवीन पदस्थ अधिकारियों का स्वागत जिला उप संचालक उद्यान कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक के दौरान किया गया। इस अवसर पर उप संचालक उद्यान एमएल उइके द्वारा अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने एवं क्षेत्रीय स्तर पर उद्यानिकी गतिविधियों के विस्तार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में तकनीकी सहायक अविनाश डेहरिया सहित जिला छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के समस्त विकासखंडों का मैदानी अमला तथा रोपणी के उद्यान अधीक्षक उपस्थित थे।
छिंदवाड़ा. शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) छिंदवाड़ा में शुक्रवार को कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया। जिसमें 27 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कंपनी के प्रतिनिधि अरशद उन्नदी एवं टीम ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों का साक्षात्कार लिया। 8 प्रशिक्षणार्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रतिनिधि शुभम निगाने, प्रशिक्षण अधीक्षक सीपी उइके मौजूद रहे। प्लेसमेंट अधिकारी शिव कुमार सनोडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित प्रशिक्षणार्थियों की ज्वाइनिंग 7 मई को प्रस्तावित है।
छिंदवाड़ा. शहर संभाग के अंतर्गत मानसून पूर्व रख-रखाव कार्य के कारण शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों की विद्युत सप्लाई सुबह 7 से 11 बजे तक बाधित रहेगी। इसमें प्रभावित क्षेत्र सोनाखार, सुकलूढाना, गीतांजली-जनता, दुर्गा खांडसारी, अंबेडकर नगर, चांद रोड, पदम कॉम्पलेक्स, पटाका गोदाम, उमा इंडस्ट्रीज, सिद्धी विनायक, पॉलीमर्स, रेल्वे मालधक्का तथा राठी ऑईल मिल आदि संबंधित क्षेत्र एवं वाटर सप्लाई फीडर, फीडर कोड 7083 से प्रभावित क्षेत्र एसएएफ कॉलोनी, भरतादेव रोड, ठाकरेढाना, आनंद लॉन, छत्रपति शिवाजी स्कूल, शंकर होम, ओम स्टेट, डब्ल्यूसीएल कॉलोनी, चंदनगांव आदि संबंधित क्षेत्रों की विद्युत सप्लाई बाधित रहेगी। इस आवश्यक कार्य के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार यह समयावधि बढ़ाई या घटाई जा सकती है। बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 1912 टोल फ्री नंबर डायल किया जा सकता है।