13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पांढुर्ना में सत्तू के पैकेट में मिले मरे हुए सांप, आंगनबाड़ी केन्द्र से बच्चे को मिला था पोषण आहार

Anganwadi Nutrition Food: आंगनबाड़ी केन्द्र में पोषण आहार वितरण के तहत आए थे सत्तू के पैकेट, एक बच्चे को चार पैकेट दिए गए थे जिनमें से तीन पैकेट ठीक थे, चौथे में दो मरे हुए सांप निकले।

2 min read
Google source verification
Snake Found In Sattu Packet

Snake Found In Sattu Packet

Chhindwara Snake Found In Sattu Packet: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से अलग होकर बने पांढुर्ना जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां आंगनबाड़ी केन्द्र पर पोषण आहार के तहत वितरित किए गए सत्तू के पैकेट में एक दो मरे हुए सांप मिले हैं। घटना ग्राम पंचायत कारामाट कामठी के आंगनबाड़ी केन्द्र की है। बच्चों को खिलाने के लिए आए सत्तू के पैकेट में मरे हुए सांप निकलने की खबर जब ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।

सत्तू के पैकेट में निकले मरे सांप

पांढुर्ना जिले की ग्राम पंचायत काराघाट कामठी के आंगन बाड़ी केन्द्र पर 15 दिनों पहले सत्तू के पैकेट बच्चों को बांटने के लिए आए थे। पंचायत में काम करने वाले शेशराव धुर्वे की डेढ़ साल की बेटी तनुश्री भी आंगनबाड़ी में जाती है, उसे करीब 15 दिन पहले सत्तू के चार पैकेट दिए गए थे। शेशराव ने पत्रिका ने बताया कि तीन पैकेट बारी-बारी से खाए जिसमें कुछ नहीं निकला, शनिवार को चौथे पैकेट को खोलने पर पहले तो सांप के टुकड़े मिले जिसे उन्होंने कचरा समझकर फेंक दिया। लेकिन अंदर एक बड़ा सा सांप मृत मिला, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने फेंके गए कचरे को ध्यान से देखा तो उसमें भी सांप का चेहरा मिला।

आंगनबाड़ी केन्द्र पर हंगामा

सत्तू के पैकेट में मरे हुए सांप निकलने के बारे में तुरंत शेशराव धुर्वे ने घर में मौजूद सदस्यों और पड़ोसियों को बताया। क्योंकि मामला बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा था इसलिए लोगों नाराज हो गए और आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सत्तू के पैकेट में सांप निकलने का पता जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुभद्रा गजभिए को चला तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को इसके बारे में सूचना दी।

लैब भेजे गए सैंपल

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुभद्रा गजभिये ने परियोजना अधिकारी ऊषा पन्द्रे को सत्तू के पैकेट में मरे हुए सांप निकलने के बारे में सूचना दी। इसके बाद एसडीएम अलका इक्का तक मामला पहुंचा तो उन्होंने तुरंत नायब अश्विनी गोहिया और नायब तहसीलदार एस इरपाचे को जांच के निर्देश दिए। काराघाट कामठी पहुंचकर अधिकारियों ने पीड़ित के बयान दर्ज कर पंचनामा तैयार किया है। परियोजना अधिकारी ऊषा पन्द्रे ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर जांच की गई है और सत्तू के सैंपल लेकर जांच के लिए राष्ट्रीय लैब भेजे गए हैं।