छिंदवाड़ा

Lok Sabha Elections : सूरज के तीखे तेवर पर भारी लोकतंत्र

- मतदान केन्द्रों में सुबह मतदाताओं की कतार - दोपहर में कम, अंतिम एक घंटे में फिर तेजी से वोटिंग

2 min read
chhindwara lok sabha

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव में शुक्रवार को हुए छिंदवाड़ा संसदीय सीट के मतदान में सूरज के तीखे तेवर पर लोकतंत्र भारी पड़ता दिखाई दिया। पूरे दिन में सुबह 11 बजे तक मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की कतार रही। दोपहर में एक-दो लोग आते-जाते रहे। अंतिम एक घंटे में धूप में कमी आने पर वोटिंग की रफ्तार तेज रही। इस दौरान एक-दो स्थान पर इवीएम में खराबी की शिकायत आई, जिसे तुरंत प्रशासन की टीम ने ठीक कर दिया। पुलिस-प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था से मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान प्रतिशत 80.60 प्रतिशत रहा। पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान प्रतिशत 82.52 था।

मतदान के लिए छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिले के 1939 मतदान केन्द्रों में खास इंतजाम थे। सुबह 7 बजे से डेढ़ घंटा पहले हर बूथ पर राजनीतिक दलों के एजेंटस् की उपस्थिति में मॉक पोल हुए। इस निर्धारित प्रक्रिया के बाद मतदाताओं ने मतदान शुरू किया। दो घंटे में वोटर्स के उत्साह से मतदान 14.97 प्रतिशत रहा। फिर प्रात: 11 बजे तक 30.95 प्रतिशत तक पहुंच गया। दोपहर 1 बजे तक यह 50.3 प्रतिशत रहा। इसके बाद वोटरों के आने की रफ्तार धीमी रही। शाम 5 बजे धूप में नरमी आने पर मतदान की कतार दिखी। मतदान बंद होने के समय परिसर में उपस्थित होने वाले मतदाताओं से मतदान कराया गया।

बम्होरी में मशीन की बैटरी में खराबी


विधानसभा जुन्नारदेव के अंतर्गत बम्होरी मतदान केंद्र में वीवीपैट मशीन की बैटरी में कुछ प्रॉब्लम आने से कुछ देर मतदान रुका रहा। कलेक्टर ने बताया कि कुछ ही मिनटों में उसे चेंज कर के मतदान चालू कर दिया गया।

घर में शादी की शहनाई, फिर भी पहले डाला वोट


मतदान दिवस 19 अप्रेल को विवाह मुहुर्त होने से शादियां ज्यादा रही। इस दौरान कहीं-कहीं वर-वधुओं ने मतदान केन्द्र आकर मतदान किया। छिंदवाड़ा विकासखण्ड के ग्राम रंगीनखापा के सरपंच संजू गजभिये ने विवाह संपन्न होने के बाद बूथ पर मतदान किया। इसी तरह जुन्नारदेव विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रमांक-156 पुरैना खालसा में नवविवाहित जोड़े ने मतदान किया।

श्रीझोंत में आकर्षण का केन्द्र रहा हरोवारो बूथ


जनपद तामिया के अंतर्गत मतदान केंद्र श्रीझौंत में बनाया गया हरोबारो बूथ आकर्षण का केन्द्र रहा। इसे स्थानीय ठेठ भारिया भाषा की शब्दावली पर नाम दिया गया। यहां मतदान कर्मी परम्परागत वेशभूषा में दिखाई दिए। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह और जागरुकता दिखाई दी। पुरुषों की तुलना में जिले में महिलाओं के मतदान का प्रतिशत अधिक रहा । उनके लिए विशेष रूप से 110 पिंक मतदान केन्द्र बनाए गए थे। केन्द्रों में रैम्प, पेयजल, फर्नीचर, विद्युत, शौचालय, छाया, झूलाघर, मेडिकल किट, हेल्प डेस्क, उचित संकेत (साइनेज), भोजन, मतदाता सहायता पोस्टर व कतार प्रबंधन के इंतजाम थे।

देर रात तक इवीएम मशीन की वापसी


लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर मतदान दलों के लौटने का सिलसिला रात 8 बजे शुरू हो गया। इसके बाद उसे जमा करने में अधिकारी-कर्मचारी लगे रहे। मशीन आने का सिलसिला ग्रामीण इलाकों में देर रात तक जारी रहा। पीजी कॉलेज में उसे व्यवस्थित करते हुए सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया।

Updated on:
20 Apr 2024 01:33 pm
Published on:
20 Apr 2024 12:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर