
missing child body found water tank
mp news: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा में घर से सोमवार की सुबह मदरसा जाने के लिए अपनी बहन के साथ निकले बालक का शव मंगलवार की सुबह निर्माणाधीन मकान के टैंक में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे का शव मिलने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। बच्चा निर्माणाधीन मकान के टैंक के पास कैसे पहुंचा इसका जवाब पुलिस तलाशने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के अनुसार अमरवाड़ा के चौरई मार्ग निवासी नौ वर्ष का बालक शेख कासिम मंसूरी अपनी बड़ी बहन यास्मीन मंसूरी (13) के साथ सोमवार की सुबह सात बजे साइकिल से मदरसा जाने के लिए निकला था। रास्ते में स्टेडियम ग्राउंड अमरवाड़ा के सामने शेख कासिम उतर गया तथा उसकी बहन मदरसा चली गई थी। यास्मीन जब 9.30 बजे वापस आई तो शेख कासिम उसे ग्राउंड में नहीं मिला, जिसकी सूचना उसने घर पर परिजनों को दी। दिन भर परिजन शेख कासिम की तलाश करते रहे लेकिन उसका पता नहीं चला तो पिता शेख कलीम ने रात 10 बजे अमरवाड़ा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार की सुबह फिर परिजन फिर से बच्चे की तलाश में निकले तो वार्ड 15 सकरवाड़ा मार्ग पर महेंद्र पीपले के निर्माणाधीन मकान में बने पानी के टैंक में कासिम का शव उतराता मिला। शव देखकर परिजन के होश उड़ गए। तुरंत सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बालक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि बालक पानी के टैंक के पास कैसे पहुंचा। संभावना जताई जा रही है कि बालक खेलते समय निर्माणाधीन मकान के पास चला गया तथा वह टैंक में गिरकर हादसे का शिकार हो गया। अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा इस मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
10 Feb 2026 08:06 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
