
छिंदवाड़ा . माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने हाईस्कूल, हायर सेकंडरी तथा व्यावसायिक परीक्षाओं के आवेदन पत्रों तथा नामांकन पत्रों में आई त्रुटियों के सुधार के लिए तिथि निर्धारित कर दी है। साथ ही तय समय सीमा के भीतर सुधार के लिए निर्देश दिए। आवेदन में सुधार न करने पर सम्बंधित संस्था के प्राचार्य को दोषी मानते हुए ५०० रुपए संशोधन शुल्क के अतिरिक्त अर्थदंड प्रत्येक अंकसूची के हिसाब से वसूलने की चेतावनी दी है।
छात्रों के नामांकन-आवेदन पत्रों की त्रुटि सुधार की तिथि निर्धारित
दरअसल कक्षा नवमीं में प्रवेशित छात्रों के नामांकन आवेदन पत्र एवं कक्षा दसवीं, बारहवीं के प्रवेशित छात्रों के परीक्षा आवेदन ऑनलाइन भरवाए जाते हंै। ऑनलाइन नामांकन व परीक्षा आवेदन पत्र भरते समय कियोस्क में अक्सर त्रुटियां हो जाती हैं। इनमें सुधार के लिए माशिमं द्वारा ऑनलाइन आवेदन सम्बंधित संस्था के प्राचार्य के माध्यम से मांगे जाते हैं। ऑफलाइन आवेदन माशिमं स्वीकार नहीं करता है।
गाइडलाइन के साथ यह तिथियां हुईं निर्धारित
१. नामांकन कार्ड में संशोधन - कक्षा नवमीं के नामांकन आवेदन पत्र भरने की तिथि से ३० सितम्बर तक तथा नामांकन कार्ड जारी होने के उपरांत १ से २८ फरवरी तक संस्था प्राचार्य के माध्यम से नामांकन कार्ड में परिलक्षित त्रुटियों के सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।
२. कक्षा-१०वीं और १२वीं परीक्षा आवेदन पत्र में संशोधन -
मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी व अन्य परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले नियमित-स्वाध्यायी छात्रों को संस्था प्राचार्य-अग्रेषण संस्था के माध्यम से ऑनलाइन संशोधन परीक्षा आवेदन करने की तिथि ३१ दिसम्बर तक एवं प्रवेश पत्र जारी होने के बाद १ से २८ फरवरी तक संशोधन किए जाएंगे।
३. हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम केरेक्टर व सम्पूर्ण डाटा संशोधन को छोडक़र अन्य जैसे छात्र, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, सरनेम संशोधन, जन्मतिथि, फोटो, विषय तथा परीक्षा माध्यम की सुविधा मिलेगी।
४. हायर सेकंडरी तथा हायर सेकंडरी व्यावसायिक परीक्षा में छात्र, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, सरनेम, विषय-माध्यम, फोटो के सुधार सम्बंधित संस्था के प्राचार्य-अग्रेषण अधिकारी के माध्यम
से होंगे।
प्रश्न-पत्र वितरण... अंतिम दिन मची रही अफरा-तफरी
स्थानीय परीक्षाओं के लिए भोपाल से आए प्रश्न-पत्रों का तीन दिवसीय वितरण कार्यक्रम सोमवार को खत्म हो गया। अंतिम दिन चौरई, सौंसर और छिंदवाड़ा विकासखंड के स्कूलों में कक्षा नवमीं एवं ग्यारहवीं के पेपर बांटे गए। अंतिम दिन शिक्षक तथा प्रतिनिधियों की काफी भीड़ देखने को मिली।
नहीं पहुंचे सभी प्रश्नपत्र
कुछ शिक्षकों ने बताया कि भोपाल को भेजी गई जानकारी के अनुसार सभी प्रश्न-पत्र नहीं मिल पाए है। इसकी सूचना उन्होंने परीक्षा के नोडल प्राचार्य आईएम भिमनवार को दी है। वहीं प्राचार्य भिमनवार ने बताया कि पेपर वितरण कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी। इसमें जिस केंद्र में प्रश्न-पत्र कम या ज्यादा पहुंचे हैं, इसके लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।