
छिंदवाड़ा. किसी ने क्या खूब कहा है ‘जब हौसला बना लिया ऊंची उड़ान का, फिर देखना फिजूल है कद आसमान का’। दुनिया में चुनिंदा लोग ही ऐसे होते हैं जो अपने सपने को साकार कर पाते हैं और वह सपना जोखिमो भरा हो तो फिर पाना बहुत मुश्किल। पर्वतारोही बनना इनमें से एक है, लेकिन मन में कुछ कर गुजरने की चाह हो तो रास्ते अपने आप खुल जाते हैं, इन कठिन रास्तों में परेशानियां भी बेशुमार आती है, लेकिन कुछ लोग अलग मिट़टी के बने होते है जो जान हथेली पर रखकर न केवल अपने लिए लक्ष्य तय करते हैं बल्कि हर बाधा को पार कर उसे हासिल भी करते है। उन्हीं चंद लोगों में शामिल है छिंदवाड़ा जिले की भावना डेहरिया और नीरज डेहरिया। भावना माउंट एवरेस्ट पर चढऩे वाली मध्य प्रदेश की पहली महिला हैं। यह कारनामा उन्होंने 22 मई, 2019 को किया था। इसके बाद वे एक पर्वतारोही के रूप में लगातार उपलब्धि हासिल करती जा रही हैं। वहीं चौरई निवासी नीरज ने 14 नवंबर 2022 की शाम नेपाल स्थित कालापत्थर पीक फतह की थी एवं 15 नवंबर को सुबह माउंट एवरेस्ट बेस कैम्प में देश का तिरंगा झंडा लहराकर मान बढ़ाया था।
तामिया की घाटियों से एवरेस्ट का शिखर
27 वर्षीय भावना डेहरिया ने अपने कदमों से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी का कद नाप कर पूरे देश में छिंदवाड़ा का डंका बजवाया था। तामिया जिले की रहने वाली भावना बचपन से ही मेधावी रही। तामिया में स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने भोपाल में पढ़ाई के दौरान ही एवरेस्ट समिट के प्रयास किया। 22 मई 2019 को उन्होंने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचा। भावना का यह सफर रोमांच और खतरों से भरा हुआ था उनकी जान पर भी बन आई थी। हर कदम पर मौसम, कठिन चढ़ाई एक चुनौती थी, लेकिन भावना ने हर चुनौती को स्वीकार किया और अपने परिवार की फोटो हाथ में लिए मजबूत इरादे के साथ हिमालय की पर्वत श्रृंखला पर चढ़ती चली गईं। भावना ने एवरेस्ट फतह करने के बाद कहा था कि ‘अगर मैं मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव की मध्यम वर्ग परिवार की लडक़ी माउंट एवेरेस्ट फतेह कर सकती हूं तो मेरा संदेश देश की लड़कियों को है कि किसी भी क्षेत्र में अगर वो दृढ़ निश्चय करें तो जीतना संभव है। भावना इसके बाद से ही एक पर्वतारोही के तौर पर लगातार उपलब्धि हासिल कर रही हैं। भावना का नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। उन्हें भारतीय हिमालय पर्वत श्रृंखला को विश्व भर में प्रमोट करने के लिए 15 अगस्त 2020 को माउंटेन्स ऑफ इंडिया के साथ किया गया प्रयास के लिए यह अवॉर्ड दिया गया था। बड़ी बात यह है कि भावना ने मां बनने के बाद भी पर्वतारोही के तौर पर सफलता हासिल की।
100 दिन में पूरे किए थे चार बड़े अभियान
नीरज ने नवंबर 2022 में नेपाल स्थित कालापत्थर पीक एवं माउंट एवरेस्ट बेस कैंप फतह की थी। उन्होंने 100 दिनों में चार बड़े अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण कर रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 2 अक्टूबर 2022 गांधी जयंती के दिन सुबह 10.50 बजे 5693 मीटर ऊंचे कश्मीर के लद्दाख रिजन स्थित माउंट मचोइ पीक फतह, 14 नवम्बर 2022 को शाम 4.15 बजे 5550 मीटर ऊंचे नेपाल स्थित कालापत्थर पीक फतह एवं 15 नवम्बर को सुबह 9.25 बजे 5364 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट बेस कैंप में देश का तिरंंगा झंडा लहराया। इससे पहले उन्होंने छिंदवाड़ा से दिल्ली तक साइकल यात्रा पूरी कर सभी का ध्यान आकर्षित किया था। नीरज के पिता शिवप्रसाद डेहरिया किसान व माता गीता डेहरिया गृहिणी हैं। नीरज की नजर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर है।
लक्ष्य के प्रति हमेशा रहें सचेत
किसी भी बड़े काम को करने के लिए आपका दृढ़ निश्चयी होना बहुत जरूरी है। मैं युवाओं से यही कहूंगी कि अगर उन्हें एक अच्छा पर्वतारोही बनना है कि तो अभ्यास करें और फिर लक्ष्य बनाकर सफलता हासिल करें।
भावना डेहरिया, पर्वतारोही