ईओडब्ल्यू जबलपुर की तीन टीमों ने घर, आटा मिल पर गुरुवार की सुबह एक साथ मारी रेड, खंगाले जा रहे लॉकर
छिंदवाड़ा. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने सेतू निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त एसडीओ महेंद्र पिता महतु नागवंशी के परासिया मार्ग आदर्श नगर स्थित आवास व गुरैया स्थित नागदा इंडस्ट्रीज आटा मिल पर एक साथ कार्रवाई की है। टीमों को ढाई करोड़ की आटा मिल, पौने दो करोड़ कीमत की कृषि भूमि समेत 5.47 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति मिली है, वही सेवानिवृत्त अधिकारी, पत्नी व बेटे के 21 बैंक खातों में तीस लाख रुपए से अधिक मिले है। सेवानिवृत्त एसडीओ महेंद्र नागवंशी के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपए की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने की शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर को मिली थी जिसके सत्यापन के लिए तीन टीमों ने गुरुवार की सुबह छह बजे एक साथ दबिश दी तथा सत्यापन उपरांत शिकायत में आरोप प्रथम दृष्टता सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
सेवानिवृत्त एसडीओ महेंद्र नागवंशी व उनके परिजनों के पास से ईओडब्ल्यू को संपत्ति की जानकारी मिली है उसमें परासिया मार्ग स्थित आदर्श नगर में मुख्य मार्ग पर घर 40 लाख, घर में नकदी 91500, घरेलू सामान में इंवेस्ट 24 लाख रुपए, 22 बीमा पॉलिसी में निवेश 20 लाख, 187 ग्राम सोने के आभूषण नौ लाख, एक किलो चांदी के आभूषण 1.50 लाख, एक दुकान 13 लाख, तीन फोर व्हीलर 20 लाख रुपए, तीन टू व्हीलर 2.10 लाख, महेंद्र नागवंशी के आठ बैंक खाते, पत्नी सीमा नागवंशी के 10 बैंक खाते, पुत्र ऋतिक नागवंशी के तीन बैंक खातों में जमा तीस लाख रुपए, 24 एकड़ कृषि भूमि व दो भूखंड जिसकी कीमत एक करोड़ 76 लाख 21 हजार रुपए, गुरैया स्थित आटा मिल जिसकी कीमत दो करोड़ पचास लाख रुपए है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार दस्तावेज, बैंक खाते, नकदी, आभूषण को लेकर सर्च अभी जारी है। कार्रवाई के दौरान और अधिक संपत्ति मिलने की संभावना जताई जा रही है। टीम के अनुसार अब तक मिली संपत्ति बहुमूल्य है। बताया जा रहा है कि अभी ईओडब्ल्यू को सभी बैंकों में स्थित लॉकर की जानकारी लेकर उनके खुलवाने की प्रकिया शुरू की है जिससे जेवरात तथा नकदी मिलने की संभावना ईओडब्ल्यू टीम को है।