
छिंदवाड़ा. जिला 306.3 मिमी बारिश से पूरे प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा वाले जिले में टॉप पर आ गया है। इसके बावजूद शहर की पेयजल आपूर्ति के केंद्र कन्हरगांव जलाशय में दस सेमी पानी जमा नहीं हो पाया है। इससे शहर की पेयजल समस्या यथावत बनी हुई है। नगर निगम को एक दिन के अंतराल में पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है।
जल संसाधन विभाग की जानकारी के मुताबिक कन्हरगांव डैम का जलस्तर इस समय 706.04 मीटर पर है। एक दिन पहले यह एक सेमी ज्यादा यानी 706.05 मीटर पर था। इससे साफ है कि डैम के केचमेंट एरिया सांवरी, उमरेठ समेत आसपास के इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं हो पा रही है। इससे नगर निगम के जिम्मेदार चिंतिंत हैं। नगर निगम के जल सभापति संतोष राय का कहना है कि वे रविवार को पुन: कन्हरगांव डैम क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे।
सौंसर तहसील में 450 मिमी से ज्यादा हो गई बारिश
जिले की सौंसर तहसील में इस बार सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इस तहसील में बारिश का आंकड़ा 450 मिमी को पार कर चुका है। शनिवार तक यहां ४६८ मिमी बारिश दर्ज हो चुकी थी। जिले में कुल औसत बारिश 325 मिमी हो चुकी है जो गत वर्ष से लगभग 100 मिमी ज्यादा है। शुक्रवार-शनिवार के दरमियान जिले के सौंसर, बिछुआ, चौरई, तामिया में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बिछुआ तहसील में 135 मिमी बारिश दर्ज की। ये क्षेत्र पूरी तरह कृषि आधारित क्षेत्र हैं। बारिश होने से यहां किसानों के चेहरे खिल गए हैं। 24 घंटे के दौरान सौंसर में 43 मिमी, चौरई में 85.6, चांद में 81.2 मिमी पानी बरसा है। जिले में औसम बारिश ३८.७ मिमी हुई है।
तहसीलवार बारिश
जिले में एक जून से अभी तक छिंदवाड़ा में 286.2, मोहखेड़ में 345, तामिया में 286, अमरवाड़ा में 181.1, चौरई में 370.6, हर्रई में 147, सौंसर में 468.4, पांढुर्ना में 331.6, बिछुआ में 413.4, परासिया में 220.9, जुन्नारदेव में 366.8, चांद में 338.6 और उमरेठ में 223.8 मिमी औसत बारिश हो गई है।
जैसे छाए, बैसे बसरे नहीं बदरा
शनिवार की सुबह आसमान में एेसे घने बादल छाए थे लग रहा था इंद्रदेव जमकर बरसेंगे। तेज बारिश शुरू भी हुई, लेकिन पंद्रह-बीस मिनिट बाद बारिश रुक गई। दोपहर 12 बजे के आसपास कुछ देर के लिए तेज पानी बरसा, लेकिन उसके बाद दिनभर बारिश का इंतजार लोग करते रहे।