विधानसभा में लेखानुदान पेश होने के बाद दिया इस्तीफा,कहा-छिंदवाड़ा से लड़े कमलनाथ
छिंदवाड़ा.तीन माह पहले छिंदवाड़ा विधानसभा से निर्वाचित विधायक दीपक सक्सेना ने बुधवार को भोपाल में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया। इसके साथ ही सीएम कमलनाथ के इस सीट से चुनाव लडऩे का रास्ता साफ हो गया है। सक्सेना ने अपने बयान में कहा कि छिंदवाड़ा की जनता के साथ ही वे भी मुख्यमंत्री को इस सीट से लडऩा देखना चाहते हैं। इस्तीफा देने के बाद वे अपने आपको सौभाग्यशाली समझते हैं,उन्हें सीएम के लिए सीट छोडऩे का अवसर मिला। इससे पहले सक्सेना ने निर्वाचित होने के बाद कई मौकों पर अपना इस्तीफा देने की पेशकश की थी। निर्वाचन के बाद सीएम ने उन्हें विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी सौंपी,जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक निभाया। बुधवार को उनके इस्तीफे सौंपने के बाद उनके समर्थक मायूस दिखे। फिर भी उनकी प्रतिक्रिया यहीं रही कि अब उनके नेता कमलनाथ इस क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
....
चौथी बार निर्वाचित हुए थे सक्सेना
इस विधानसभा चुनाव के 11 दिसम्बर को घोषित नतीजे में छिंदवाड़ा विधानसभा से विधायक रहे दीपक सक्सेना ने 104034 मत लेकर भाजपा के चौधरी चंद्रभान सिंह (89487 मत) को 14547 मतों से हराया था और विधायक निर्वाचित हुए थे। सक्सेना इससे पहले तीन बार निर्वाचित हुए थे। उनका चौथी बार चुनाव हुआ था।
....
सक्सेना के भविष्य की यह संभावनाएं
इस्तीफा देने के बाद सक्सेना के भविष्य की संभावनाओं पर कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों मे कहा जा रहा है कि कमलनाथ के खास पूर्व विधायक को अब अपेक्स बैंक की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें सहकारिता का खास अनुभव है।