छिंदवाड़ा

E-Mandi: प्रवेश के लिए दिखानी होगी मोबाइल से बनी पर्ची

- सोयाबीन, चना, तुअर, मूंग, उड़द की बनेगी ई-प्रवेश पर्ची
2 min read
• •
Updated: 17 Jan 2024, 10:50 AM IST
kusmeli mandi chhindwara
kusmeli mandi chhindwara

छिंदवाड़ा। कृषि उपज मंडी कुसमेली में किसानों को मंडी गेट पर आकर प्रवेश पर्ची नहीं कटवाना पड़ेगा, अब वे पहले से ही अपने घर में बैठे बैठे भी प्रवेश पर्ची बना सकते हैं, इसके लिए किसानों को ई-मंडी एप प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा, उसके बाद अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर लिखकर एप में दर्ज हो सकते हैं और जब भी वे अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचना चाहें, इसके पहले ही वे अपनी उपज का नाम, अनुमानित मात्रा लिखकर प्रवेश पर्ची बना सकते हैं। मंडी गेट पर पहुंचने पर किसान को सिर्फ गेट पर बैठे कर्मचारी को अपना मोबाइल दिखाना होगा। मोबाइल में दर्ज जानकारी देखकर प्रवेश मिल जाएगा। शुरुआती तौर पर सोयाबीन, चना, तुअर, मूंग उड़द की ई-प्रवेश पर्ची बनेगी। बुधवार से मंडी में ऑनलाइन प्रक्रिया शुुरू हो जाएगाी। मंडी निरीक्षक देवेंद्र धुर्वे ने बताया कि किसान के ई-मंडी एप में समस्त जानकारी डालते ही मंडी में भी स्वत: सब जानकारी आ जाएगी।

ऐसे होगा काम, कम समय लगने का दावा
मंडी अधिकारियों ने बताया कि ई-मंडी एप के माध्यम से प्रवेश पर्ची से लेकर, ई-नीलामी पर्ची, ई-तौल पर्ची एवं ई-भुगतान पर्ची सभी कुछ होगा। सारी प्रक्रिया कागज विहीन हो जाएगी। मंडी कर्मचारी ई-प्रवेश पर्ची के बाद अपनी पीओएस मशीन में समस्त प्रक्रिया पूरी करते जाएंगे। पीओएस मशीन में आखिरी के तीन अंक डालने से ही कृषक की पूरी जानकारी कर्मचारी की मशीन में दिखने लगेगी। वह उसमें अधिकतम बोली वाले क्रेता की फर्म एवं भाव को दर्ज करेगा। ऑनलाइन अनुबंध जारी करके एक पर्ची किसान एवं एक पर्ची क्रेता फर्म को जारी कर सकेगा। इसके साथ ही तुलावटी भी अपने मोबाइल में तौल करते समय किसान के प्रवेश पर्ची के नंबर या अनुबंध नंबर को दर्ज करेगा, वैसे ही उसके भी तुलावटी आईडी में जानकारी खुल जाएगी। तौल के बाद वह तौल की मात्रा दर्ज कर ऑनलाइन तौल पर्ची जारी कर सकता है, सबसे अंत में ई भुगतान पत्रक जारी होगा, क्रेता व्यापारी भी ई-मंडी एप में लॉगिन करने पर ऑनलाइन तौल, अनुबंध की जानकारी प्राप्त कर सकता है। किसान को भुगतान करने के लिए ऑनलाइन प्रवेश पर्ची का चयन करते हुए किसान को भुगतान करके ऑनलाइन भुगतान पत्रक जारी करेगा। एक प्रति किसान को देगा। सारी प्रक्रिया होने की सूचना किसान के मोबाइल में भी पहुंचेगी।

इनका कहना है
बुधवार से ई-मंडी की प्रक्रिया शुरू हो रही है, ई-मंडी योजना के अंतर्गत 100 प्रतिशत ई-प्रवेश, ई-नीलामी, ई-तौल एवं ई-भुगतान पत्रक जारी किए जाएंगे।
सुरेश कुमार परते, सचिव कृषि उपज मंडी कुसमेली

Updated on:
17 Jan 2024, 10:50 AM IST
Published on: