छिंदवाड़ा

Accidents: दुर्घटना रोकने बनाए जाएंगे स्पीड ब्रेकर और भी आवश्यक बिन्दुओं पर किया जाएगा अमल

नरसिंहपुर रोड पर दुर्घटना रोकने के लिए अब स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाएगा। चिन्हिृत स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 14 Sep 2022, 12:42 PM IST
 accident
accident

छिंदवाड़ा. नरसिंहपुर रोड पर दुर्घटना रोकने के लिए अब स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाएगा। चिन्हिृत स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिए गए हैं। इसके अलावा पूर्व की बैठक के पालन प्रतिवेदन पर भी चर्चा की गई है।

निर्धारित एजेंडा बिन्दूृ के अनुसार छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर मार्ग पर श्याम टाकीज से बनगांव रिंग रोड चौराहा तक सुरक्षात्मक कार्यों पर चर्चा कर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए गए। श्याम टाकीज, छोटी एमएलबी स्कूल के सामने, मजदूर चौक, नरसिंहपुर नाका, धरमटेकरी चौकी के सामने, खापाभाट तिराहा, हिंदुस्तान यूनीलिवर लिमिटेड के सामने और सारना बस्ती में स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए हैं। श्याम टाकीज से बनगांव रिंग रोड रोटरी तक व खापाभाट तिराहे में प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। कमेटी के सभी सदस्यों को संभावित दुर्घटनाजन्य कम से कम 2 क्षेत्र चिन्हांकित करने के सम्बंध में निर्देशित किया गया है। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) को प्रोत्साहन के सम्बंध में भी चर्चा की गई। चौपहिया वाहन संचालन के समय सीट बेल्ट की अनिवार्यता व सीट बेल्ट नहीं लगाने से होने वाली दुर्घटना सम्बंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। आयोजित बैठक में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, एसडीएम अतुल सिंह, आयुक्त नगर पालिक निगम हिमांशु सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुदेश कुमार सिंह एवं अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी निशा चौहान उपस्थित रही।

पूर्व की बैठक में लिए गए निणर्य पर अमल
इमलीखेड़ा चौराहे के बोर्ड को 1.5 फीट छोटा किया गया है। एनएचएआई ने बताया कि रिंग रोड की रोटरीज के प्रकाश की व्यवस्था के लिए बल्व आ चुके हैं। लगाने की प्रक्रिया जारी है। सोनाखार रोटरीज रिंग रोड पर अव्यवस्थित झाडिय़ों की छटाई कर दी गई है। सिवनी रोड पर प्रिंस ढाबा रिंग रोड पर रोड में और ढाबा के सामने खोले गए मीडियन पर रोड मैप लगाने का कार्य प्रगति पर है। एमपीआरडीसी के अधिकारी ने बताया कि छिंदवाड़ा-तामिया-मटकुली मार्ग में कुलबेहरा नाले के आस-पास संभावित दुर्घटना स्थल पर थर्मोप्लास्ट पेंट, संकेतक, सचेतक बोर्ड, क्रास बैरियर और लखनवाड़ा अंधा मोड़ पर इसी तरह के संकेत व क्रास बैरिया की आवश्यकता है।

Updated on:
14 Sep 2022, 12:42 PM IST
Published on: