
छिंदवाड़ा. इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान पर गुरुवार से सांसद कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से हुआ। पहला मैच विद्या भूमि क्लब व एसएस क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विद्या भूमि क्लब ने 20 ओवर के 8 विकेट पर 148 रन बनाए। टीम के इस स्कोर में अजय नथानी ने 45 रन व फैज खान ने 32 रन का योगदान दिया। एसएस क्लब के गेंदबाज केडी बिस्केले ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएस क्लब 19.2 ओवर में 91 रनों पर ऑल आउट हो गई। एसएस क्लब के बल्लेबाज केडी बिस्केले ने सर्वाधिक 21 रन व नितिन चौरसिया ने 19 रन बनाए। विद्या भूमि क्लब के गेंदबाज निखिल चोखे ने 3, फैज खान व एरिक चौहान ने 2-2 विकेट लिए। मैच 57 रनों से विद्या भूमि क्लब ने जीता।
मैन ऑफ द मैच फैज खान को प्रदान किया गया। मैच में अंपायर रजत कडु व शैलेन्द्र रहे। थर्ड अंपायर की भूमिका अंकित सिंग राजपूत ने निभाई। मैच रेफरी हिमांशु जायसवाल रहे। स्कोरर डीके रॉय चौधरी व अभय मालवी, कोमेंट्रेटर श्रांत चन्देल रहे। उद्घाटन के अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक सक्सेना, गंगा प्रसाद तिवारी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
आज के मैच
शुक्रवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 8.30 बजे से एमआर इलेवन क्लब व हाउसिंग बोर्ड क्लब के मध्य होगा। वहीं दूसरा मैच दोपहर 12 बजे से सर्कुलर बॉयज क्लब व अमरवाड़ा क्लब के मध्य खेला जाएगा।