पूर्व में जीआरपी तथा आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यों को पकड़ा था छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से, दो आरोपियों को पकडऩा टीम गई थी यूपी
छिंदवाड़ा. चलित ट्रेनों में ट्राली बैग व अन्य बैगों की चेन खोलकर चोरी करने वाला अंतर राज्यीय संगठित गिरोह के पांच आरोपियों के पकडऩे के बाद अब मुख्य सरगना आरपीएफ तथा जीआरपी पुलिस की गिरफ्त में आया है। लगातार ट्रेनों में चोरी की घटनाओं के बाद रेलवे पुलिस सक्रिय थी तथा लगातार नजर रख रही थी पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले को पांच संदिग्ध आरोपी छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा था। जिनसे पूछताछ की गई तो उन्होंंने चोरी की वारदात करना कबूला था। 24 फरवरी 2026 को पांच आरोपियों भूरे खान निवासी अलीगढ़, उप्र, देवेन्द्र कुमार निवासी फिरोजाबाद उप्र, प्रेमदास जाटव निवासी हाथरस उप्र, संत सिंह जाटव निवासी आगरा उप्र एवं हुदेश कुमार निवासी एटा उप्र को पकड़ा गया था, लेकिन मुख्य सरगना जुगेंद्र जाटव तथा अन्य की तलाश की जा रही थी जो कि चोरी के जेवरात लेकर उत्तरप्रदेश भाग गए थे।
टीम रवाना की गई तो मुख्य सरगना जुगेंद्र जाटव निवासी फिरोजाबाद उप्र को 27 फरवरी 2026 को पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्राली बैग की चेन खोलकर ज्वेलरी बॉक्स चोरी कर उसमें रखे सोने के जेवरात मोहनलाल जाटव को बेचने के लिए देता था। दो मार्ग 2026 को दूसरे आरोपी मोहनलाल जाटव निवासी एटा उप्र को भी पकड़ा गया। जिन्हें छिंदवाड़ा न्यायालय में पेश किया गया है। पकड़े गए आरोपियों पर चोरी, लूटपाट, हत्या, मारपीट, शराबखोरी तथा अन्य धाराओं के तहत उप्र, महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश में अपराध दर्ज है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा वाहने, एसआई आरएल उइके, प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय, सायबर सेल जबलपुर आरक्षक शुभम कराड़े, भूपेंद्र चौधरी, राजेश कबड़ेती, जयप्रकाश सराठे, प्रहलाद उइके, आरपीएफ स्टाफ एसआई विनय मेश्राम, संतोष कुमार, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, आरक्षक अमर सिंह की मुख्य भूमिका रही है।