छिंदवाड़ा

नगर निगम इतना बेबस कि लाचारों की मदद के लिए भी राशि नहीं, अब सरकार से आस

महापौर ने मानवीय आधार पर सरकार से 2.76 करोड़ का बजट मांगा, तो इधर हितग्राही एक साल से दफ्तरों के चक्कर काट रहे

2 min read

दुर्घटना और सामान्य मौत में अपने परिजन को खोने वाले परिवारों को आर्थिक मदद नहीं मिल पा रही है। उन्हें हर सप्ताह नगर निगम योजना कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। फिर भी ये राशि बजट के अभाव में नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजनातर्गत मृत्यु होने पर संबल कार्ड धारी व्यक्ति को अंत्येष्टि सहायता पांच हजार रुपए, सामान्य मृत्यु सहायता दो लाख, दुर्घटना मृत्यु सहायता चार लाख, आंशिक दिव्यांगता सहायता एक लाख एवं स्थायी दिव्यांगता सहायता में दो लाख की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान हैं।

इस योजना में सितम्बर 2023 से 20 दिसम्बर 2024 तक के 136 हितग्राहियों को वर्तमान तक अनुग्रह सहायता राशि प्रदान नहीं की गई है। अनुग्रह सहायता राशि आवंटन के अभाव में हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे सप्ताह में कई बार निगम योजना कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। सरकार इस योजना की राशि नहीं दे रही है।

प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

महापौर विक्रम अहके ने मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना अंतर्गत हितग्राहियों को राशि न दिए जाने के मामले में प्रमुख सचिव असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल भोपाल को पत्र लिखा है। महापौर ने प्रमुख सचिव को बताया कि पूर्व में जिन हितग्राहियों को व्यक्तिगत नाम से स्वीकृति प्रदान की गई थी, उस आधार पर हितग्राहियों का भुगतान निगम की ओर से किया गया है। वर्तमान में इस अवधि के 136 हितग्राहियों का भुगतान लंबित है। अनुग्रह सहायता राशि आवंटन के अभाव में हितग्राही परेशान हो रहे हैं। महापौर ने प्रमुख सचिव से सत्यापित 136 सामान्य एवं दुर्घटना मृत्यु के हितग्राहियों की राशि 2.76 रुपए हितग्राहियों के खाते में भुगतान करने की मांग की।

तीन माह पहले 371 परिवारों को मिली सहायता

श्रम अधिकारी कार्यालय के अनुसार संबल योजना में पहले अनुग्रह सहायता की लम्बित राशि के हितग्राही 1741 थे। तीन माह पहले सरकार की ओर से संबल सहायता राशि दी गई, तो केवल 371 लोगों के नाम सामने आए। अब केवल 1400 केस लम्बित पड़े हैं। उन्हें राशि नहीं मिली है।

जिले भर में 14 सौ केस लम्बित, पोर्टल भी बंद

संबल योजना के पोर्टल पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण निकायों में बंद पड़े हैं। करीब 14 सौ हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता योजना की राशि नहीं मिल पा रही है। इसकी पुष्टि श्रम विभाग ने की है। इस योजना में गरीबी रेखा में जीवन यापन करने वाले कार्डधारक को साधारण मृत्यु पर दो लाख और एक्सीडेंट में मौत होने पर चार लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि के लिए कई परिवार के लोग आए दिन नगर निगम और जनपद पंचायतों के चक्कर काट रहे हैं। राशि मिलने की बजाय परेशानी हो रही है।

Updated on:
24 Feb 2025 11:47 am
Published on:
24 Feb 2025 11:27 am
Also Read
View All

अगली खबर