
छिंदवाड़ा . मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी छिंदवाड़ा के मार्गदर्शन में नगर के स्लम एरिया में आशाओं की नियुक्तियां की जानी हंै, लेकिन नगरनिगम द्वारा जानकारी उपलब्ध न कराए जाने से इसमें देरी हो रही है। दरअसल इस नियुक्ति प्रक्रिया में नगर निगम द्वारा चिह्नित किए गए स्लम एरिया में निवास करने वाली तथा आवश्यक योग्यता रखने वाली महिलाओं को ओवदन करना है, लेकिन सीएमएचओ कार्यालय से बार-बार आवेदन किए जाने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शासन ने नगर निगम क्षेत्र में ४६ आशाओं की नियुक्ति करने का लक्ष्य दिया है। दस आशाओं की नियुक्ति की जा चुकी है, शेष ३६ नियुक्तियां वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पूर्व करना जरूरी है। बताया जाता है कि नगर निगम द्वारा नगर पालिका समय की उपलब्ध कराई जा रही है। जबकि निगम क्षेत्र बनने के बाद शहर में कई परिवर्तन हुए हैं। इतना ही नहीं नगरीय क्षेत्र का दायरा तथा स्लम एरिया की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
उपलब्ध करा दी जाएगी सूची
नगर निगम द्वारा स्लम एरिया की अपडेट सूची शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी। सम्बंधित व्यक्ति मुझ से संपर्क कर सूची प्राप्त कर सकता है।
एनएस बघेल, उपायुक्त नगर निगम छिंदवाड़ा
पार्षद करेेंगे अनुमोदन
नगर निगम में पार्षद द्वारा आवेदक के स्लम एरिया में निवासी होने का अनुमोदन किया जाएगा। यदि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं बनी तो शीघ्र ही नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
डॉ. जेएस गोगिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
संविदा स्वास्थ्य कर्मी... अप्रेजल का विरोध
मप्र संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर २३ जनवरी को भोपाल में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। इसमें जिला चिकित्सालय के समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस संदर्भ की सूचना शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों ने आरएमओ डॉ. सुशील दुबे को दी है।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र यदुवंशी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा किए गए अप्रेजल समझौते का पालन नहीं किए जाने तथा वादाखिलाफी के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। एनएचएम ने अप्रेजल के लिए ६५ प्रतिशत अंक को लेकर जारी आदेश जारी किया है, जो कि गलत है। यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।