छिंदवाड़ा

डरा रहा है कोरोना, बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आने वाले 7 दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन

- MP के सभी शहरों में अब हर संडे लॉकडाउन- सरकारी दफ्तर सप्ताह में पांच दिन ही खुलेंगे

2 min read

छिंदवाड़ा/भोपाल। पूरे मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। छिंदवाड़ा जिले में 8 अप्रैल की रात 8 बजे से अगले 7 दिन तक टोटल लॉकडाउन (Lockdown) रहेगा। यह फैसला बुधवार शाम को सीएम शिवराजसिंह चौहान ने आपात बैठक में चर्चा के बाद लिया। इसमें स्वास्थ्य अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान और प्रमुख सचिव गृह राजेश राजौरा भी मौजूद थे।

वहीं दूसरी ओर अब मध्यप्रदेश के सभी शहरों में संडे लॉकडाउन रहेगा। सभी सरकारी दफ्तर अगले तीन महीने तक सप्ताह में केवल पांच दिन ही खुलेंगे। इनकी टाइमिंग सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगी। शनिवार और रविवार दफ्तर पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में 8 अप्रैल से अगले आदेश तक रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हाई लेवल बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय:

- COVID19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय आगामी 3 माह तक सप्ताह में 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार), प्रातः 10 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे, शनिवार-रविवार को शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे।
- प्रदेश के समस्त नगरीय क्षेत्रों में कल 8 अप्रैल से आगामी आदेश तक प्रत्येक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।
- प्रदेश के समस्त जिलों के नगरीय क्षेत्रों में आगामी आदेश तक प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन रहेगा।
- सम्पूर्ण छिंदवाड़ा जिले में कल 8 अप्रैल की रात 8 बजे से आगामी 7 दिन तक संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा।
- शाजापुर शहर में आज रात 8 बजे से अगले 2 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा।

लगातार बढ़ रहे है मामले

मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटों में प्रदेशभर में कोरोना के 3722 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 313971 हो गई है। वहीं, संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4073 पहुंची है। वहीं छिंदवाड़ा में बीते 24 घंटों में शहर में 70 नये संक्रमित मिले है। अभी तक शहर में कुल पॉजिटिव केस 4157 है।

आर्थिक राजधानी इंदौर में बीते 24 घंटों के दौरान 805 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 74029 हो गई है। जबकि, यहां संक्रमण का शिकार होकर अब तक 977 लोग जान गवां चुके हैं। इंदौर में 67177 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। अभी कुल 5875 एक्टिव केस हैं।

Updated on:
07 Apr 2021 11:01 pm
Published on:
07 Apr 2021 08:49 pm
Also Read
View All