छिंदवाड़ा

दो लड़कियों को बहला फुसला कर ले गए, पुलिस ने भोपाल में ढूंढ निकाला, दो आरोपी नागपुर से पकड़े

सांवरी चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए की कार्रवाई, परिजनों से मिलाया तो खिल उठे उनके चेहरे

2 min read
प्रतीकात्मक तस्वीर - एआइ

छिंदवाड़ा. लावाघोघरी थाना अंतर्गत सांवरी चौकी क्षेत्र के गांव की दो लड़कियों के किसी कार्यक्रम में जाने के बाद से उनका कोई पता नहीं था, परिजनों ने यहां वहां रिश्तेदारी में तलाश की तथा जब कोई जानकारी नहीं लगी तो सावंरी चौकी पुलिस को गुमशुदा होने की सूचना दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों की तलाश शुरू कर दी तथा भोपाल से दोनों को ढूंढ निकाला है। दोनों लड़कियों को दो आरोपी बहलाफुसला कर अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया है।

सांवरी चौकी प्रभारी एसआई मुकेश द्विवेदी ने बताया कि 31 मार्च 2026 को दो लड़कियां जो कि आपस में सहेलियां थी तथा गांव में किसी फलदान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थी। अगले दिन एक अप्रेल 2026 को जब वह सुबह तक घर नहीं आई तो परिजनों ने सोचा कि कार्यक्रम स्थल पर ही सो गई होगी। जब वह दोनों दो अप्रेल 2026 को भी नहीं आई तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारी व आसपास के गांवों में उन्हें ढूंढा लेकिन जब दोनों की कोई सूचना नहीं मिली तो सांवरी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। तीन अप्रेल 2026 को पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर लड़कियों को बहलाफुसला कर भगा ले जाने के शक में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गांव के दो व्यक्ति थे कुछ दिनों से गायब

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांवरी चौकी प्रभारी एसआई मुकेश द्विवेदी ने सबसे पहले मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम के ही दो व्यक्ति भी संदिग्ध तरीके से कुछ दिनों से कहीं बाहर है। दोनों व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई गई जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार करने टीम पांढुर्ना तथा नागपुर रवाना की गई। सुरेंद्र उर्फ सूरज (19) पिता लखन उइके तथा एक नाबालिग बालक को चार अप्रेल 2026 की रात में आरपीएफ पांढुर्ना एवं नागपुर पुलिस के सहयोग से हिरासत में लिया गया। दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि भोपाल में निर्माणाधीन बिल्डिंग में दोनों लड़कियों को रखा है जिसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर से भोपाल रवाना होकर दोनों लड़कियों को बरामद किया है।

इस टीम की रही मुख्य भूमिका, होंगे पुरस्कृत

कार्रवाई करते हुए दोनों लड़कियों को ढूंढ निकालने वाली टीम में सांवरी चौकी प्रभारी एसआई मुकेश द्विवेदी, एएसआई ऊषा जावरकर, भोजराज डेहरिया, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, ब्रजकिशोर, राहुल, आरक्षक विजय, सहित सायबर टीम की मुख्य भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Published on:
07 Apr 2026 11:56 am
Also Read
View All