चित्रकूट

पंखे पर फांसी के फंदे से लटकता मिला बीडीसी के पति का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पंखे पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई।

2 min read
पंखे पर फांसी के फंदे से लटकता मिला बीडीसी के पति का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

चित्रकूट. पंखे पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पत्नी क्षेत्र पंचायत सदस्य(बीडीसी) है। परिजनों ने चुनावी रंजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधी गांव में उस समय हड़कम्प मच गया जब बीडीसी के पति का शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। मृतक का शव उसकी दूकान के अंदर पंखे से फांसी के फंदे पर झूलता मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान घटना की प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में मृतक के पिता ने पड़ोसियों पर ही चुनावी रंजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक युवक की हत्या करने के बाद शव को दुकान के भीतर फांसी के फंदे से लटका दिया गया।

दूकान के अंदर मिला शव

घटना की जानकारी के मुताबिक रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधी गांव निवासी प्रदीप (38) ने अपने घर पर ही मोबाइल की दुकान खोल रखी थी। हर दिन की तरह जब सुबह काफी देर तक दुकान का शटर नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने किसी तरह जब शटर खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी बदहवास हो गए। दूकान के अंदर प्रदीप का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

उधर इस पूरे मामले को पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है लेकिन मृतक के परिजनों के मुताबिक प्रदीप की हत्या की गई है। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह प्रदीप (मृतक) रात तकरीबन साढ़े आठ बजे घर से खाना खाकर दुकान जा रहा था कि गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। पिता के मुताबिक उन लोगों ने प्रदीप के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को उसी की दूकान के अंदर फांसी पर लटका दिया। सुबह जब उसने काफी देर तक दुकान नहीं खोली तो घरवालों को चिंता हुई और जब घरवाले दुकान पहुंचे और शटर खोला तो प्रदीप का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला।

जांच जारी

मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस घटना की जांच कर रही है। रैपुरा थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया के मुताबिक मामला आत्महत्या का लग रहा है। प्रथम दृष्टया और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फ़िलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों की आशंका को देखते हुए भी घटना की छानबीन की जा रही है। मृतक के एक पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। युवक की मौत के बाद मां व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Published on:
19 Jun 2018 02:48 pm
Also Read
View All