चित्रकूट

सपा नेता पर हमले का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाया था प्लान

सपा नेता पर हमले का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाया था प्लान

3 min read
Jun 09, 2018
सपा नेता पर हमले का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाया था प्लान

चित्रकूट. ब्लाक प्रमुख रहे पिता की हत्या का बदला लेने के लिए चित्रकूट में बुधवार को थाने से महज कुछ कदम दूर खेला गया था मौत का खौफनाक खेल। बाहुबली सपा नेता पर बरसाई गई थीं ताबड़तोड़ गोलियां मगर किस्मत का धनी नेता तो बच गया लेकिन उसका भतीजा गोलियों के निशाने पर आते हुए मौत की आगोश में चला गया। हमले के बाद मामले में सपा नेता ने 9 नामजद सहित 10 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई। गौर करने वाली बात यह कि हमले वाले स्थान से कुछ कदम दूर थाने में पीस कमेटी की बैठक हो रही थी और इधर हमलावर कानून की धज्जियां उड़ा रहे थे।

गिरफ्तार हुआ एक आरोपी

हमले के बाद लगातार कानून व्यवस्था को लेकर फजीहत झेल रही खाकी ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अपना कॉलर ठीक करने का प्रयास किया है। हालांकि जो आरोपी गिरफ्तार हुआ है उसी के परिवार से सपा नेता की पुरानी अदावत चली आ रही है। पुलिस ने उक्त आरोपी को मऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलौली मोड़ के पास से मय स्कॉर्पियो व् एक अदद राइफल 30 बोर के साथ गिरफ्तार किया। सफेद रंग की स्कॉर्पियो को हमले के दौरान प्रयुक्त किया गया गया था। आरोपी अपने गांव का प्रधान भी है।

ब्लाक प्रमुख की हुई थी हत्या

दरअसल इस पूरी वारदात के पीछे एक ही इलाके में दो माफिया गुटों की अदावत है। 2006 में मऊ थाना क्षेत्र के अहिरी गांव निवासी द्वारिका प्रसाद द्विवेदी उर्फ़ पप्पू अहिरी की उस वक्त इलाहाबाद के शिवराजपुर कस्बे में सरेशाम गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी जब वे किसी काम से वहां गए थे। पप्पू अहिरी उस समय क्षेत्र में बसपा के दबंग नेताओं में से एक थे और मऊ ब्लाक के ब्लाक प्रमुख भी। पप्पू अहिरी की हत्या में चित्रकूट के बरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी दूसरे माफिया बाहुबली सपा नेता उग्रसेन मिश्रा का नाम खुलकर सामने आया था और ब्लाक प्रमुख(मृतक) के परिजनों ने उसे आरोपी भी बनाया था।

पिता की हत्या का बदला

ब्लाक प्रमुख रहे पप्पू अहिरी की हत्या और उसमें बाहुबली माफिया सपा नेता उग्रसेन मिश्रा का नाम आने के बाद दोनों पक्षों में खूनी रंजिश शुरू हो गई। कई बार दोनों पक्षों में टकराव होते होते बचा, यहां तक कि सपा नेता पर इससे पहले भी एक बार 2016 में हमला हो चुका था। ब्लाक प्रमुख रहे पप्पू अहिरी का लड़का अनिल द्विवेदी इस दौरान बदले की आग में जल रहा था। सपा नेता का पक्ष और उसका पक्ष दोनों एक दूसरे के खून के प्यासे थे। मौका मिलते ही अनिल द्विवेदी व् उसके पक्ष ने सपा नेता पर बुधवार को मऊ थाने के पास उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब वह सीओ मऊ से मिलकर वापस लौट रहा था।

बेख़ौफ़ हमलावर

इसे हमलावरों का बेख़ौफ़ अंदाज ही कहा जाएगा कि उन्होंने थाने से चंद कदम दूर तहसील के पास गोलियों की बरसात कर दी बाहुबली सपा नेता उग्रसेन मिश्रा पर. दरअसल बुधवार को दिन दहाड़े सपा नेता पर उस समय घात लगाकर हमला किया गया जब वे अपने भतीजे व् कुछ साथियों के साथ मऊ सीओ रजनीश यादव से मिलकर लौट रहे थे। नेता की काले रंग की स्कॉर्पियो जैसे ही थाने से लगभग 100 मीटर दूर तहसील गेट के सामने पहुंची कि हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सपा नेता उग्रसेन और साथी किसी तरह तो बच गए लेकिन नेता के भतीजे दुर्गेश को गोलियों ने निशाना बनाते हुए छलनी कर दिया और उसकी मौत हो गई थी।

अन्य की तलाश जारी

इस पूरे मामले और एक आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर एसपी मनोज कुमार झा ने कहा कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात को लेकर एसपी ने बताया कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए सपा नेता को निशाना बनाया गया है ऐसा फ़िलहाल सामने आ रहा है। घटना की जांच चल रही है।

Published on:
09 Jun 2018 05:16 pm
Also Read
View All