चित्रकूट

पोल खोल अभियान में कांग्रेस ने कहा- हर मुद्दे पर विफल रही केंद्र व् प्रदेश सरकार, आम आदमी को छला गया

भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के ख़िलाफ कांग्रेस का पोल खोल अभियान रविवार से जनपद में शुरू हुआ,
2 min read
• •
Updated: 24 Jun 2018, 6:32 PM IST
Congress
Congress

चित्रकूट. भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के ख़िलाफ कांग्रेस का पोल खोल अभियान रविवार से जनपद में शुरू हुआ, जिसके तहत पहला पोल खोल सम्मेलन पाठा क्षेत्र के मानिकपुर ब्लाक में आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा सरकार के खिलाफ गरजते हुए कॉंग्रेसी नेताओं ने हर मुद्दे पर सरकार को विफल बताते हुए कहा कि मोदी ने सिर्फ आम आदमी को छला है। पार्टी ने कई मुद्दों पर केंद्र तो कई मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरा।

2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पक्ष व् विपक्ष का एक दूसरे पर हमलावर होने का अभियान शुरू हो गया है। केंद्र व् प्रदेश में सत्ता सुख भोग रही भाजपा ने जहां ग्राम स्वराज अभियान आदि के जरिए जनता के बीच अपनी छवि उसके मसीहा के रूप में पेश करने की कोशिश की, वहीं प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने जनता के बीच सरकार के खिलाफ पोल खोल अभियान शुरू करते हुए विभिन्न मुद्दों पर उसे लपेटे में लेने का खाका तैयार किया है।

हर मुद्दे पर विफल रही केंद्र व प्रदेश सरकार-

पोल खोल सम्मेलन में शिरकत करने आए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुधाकर तिवारी ने कहा कि आम आदमी को सिर्फ छला गया है मोदी और योगी द्वारा, हर मुद्दे पर विफल रही भाजपा सरकार। प्रदेश महासचिव ने गरजते हुए कहा कि समय आने पर जनता भाजपा को इसका जवाब जरूर देगी और कांग्रेस ही वह पार्टी है जो भाजपा को सबक सिखा सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आम आदमी किसान सबकी चिंता है और वे इनकी लड़ाई पूरी ईमानदारी से लड़ रहे हैं।

गिनाई यूपीए सरकार की उपलब्धियां-

पार्टी जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि जब तक मोदी प्रधानमंत्री बने तब तक नेहरू इंदिरा व् राजीव ने देश को विश्व में अग्रणी स्थान पर ला दिया था लेकिन मोदी अपने जुमलों से जनता को ठगते जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे पीएम से उनके 56 इंच के सीने की दुहाई देते हुए उनसे 56 सवाल पूछते हैं। यदि वे किसी का भी जवाब दे दें तो मान लिया जाएगा कि पीएम का सीना 56 इंच का है। मोदी ने पीएम रहते सिर्फ जुमलेबाजी की। कांग्रेस इतने पर भी नहीं रुकी और एक एक कर पार्टी के नेता मोदी व् योगी को लपेटे में लेते गए। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वाहन किया कि 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अब सड़क पर उतरकर और जनता के बीच जाकर केंद्र व् प्रदेश सरकार को उनकी नाकामी के लिए बेनकाब करें।

कांग्रेस लड़ेगी लड़ाई-

पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस ही भाजपा से लड़ सकती है और उसे बेनकाब कर सकती है। 2019 में भाजपा को उसके किए का हिंसाब जनता और कांग्रेस पार्टी अवश्य देगी।

Published on: