चित्रकूट

पुराने विवाद में पड़ोसियों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर एक की मौत दो गम्भीर रूप से घायल

वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
2 min read
• •
Updated: 8 May 2020, 1:45 PM IST
पुराने विवाद में पड़ोसियों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर एक की मौत दो गम्भीर रूप से घायल
पुराने विवाद में पड़ोसियों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर एक की मौत दो गम्भीर रूप से घायल

चित्रकूट: पुराने विवाद को लेकर व्यक्ति ने पड़ोसियों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. घटना में मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. जिस आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ाया उसे भी ग्रामीणों ने पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर उसे मरणासन्न कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. विवाद विद्युत तार को लेकर बताया जा रहा है.


जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बछरन गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसियों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. जानकारी के मुताबिक उक्त गांव निवासी अजित नारायण(49) उसका पुत्र(30) नवनीत व पड़ोसी हरिशंकर(45) गुरुवार की रात करीब 10 बजे घर के बाहर चारपाई पर बैठे हुए थे. उसी दौरान यमदूत के रूप में सामने आए ट्रैक्टर ने तीनों को कुचल दिया. जिसमें हरिशंकर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजीत व उसका पुत्र नवनीत गम्भीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद एकत्र ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक अरुण पटेल को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी.


घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गभीर रूप से घायल अजित उसके पुत्र नवनीत व ग्रामीणों की पिटाई से मरणासन्न हुए ट्रैक्टर चालक आरोपी अरुण पटेल को अस्पताल पहुंचाया. घटना की तफ्तीश में आरोपी अरुण व अजीत नारायण के बीच विद्युत तार लगाने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों आई तेज आंधी के दौरान बिजली की लाइन टूट गई थी. बुधवार को जब विद्युत विभाग के कर्मचारी लाइन ठीक करने पहुंचे तो आरोपी अरुण व उसके पड़ोसी अजीत के पारिवारिक शिव के बीच अपनी लाइन पहले ठीक कराने को लेकर विवाद हो गया. इसी खुन्नस में आरोपी ने पड़ोसियों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. एएसपी बलवंत चौधरी के मुताबिक घटना कि जांच की जा रही है.

Updated on:
8 May 2020, 1:45 PM IST
Published on: