
चित्रकूट. पाठा के बीहड़ों में दहशत की इबारत लिखने वाले कुख्यात डकैत एक लाख के इनामी दस्यु रामगोपाल उर्फ गोप्पा गैंग के हार्डकोर मेंबर को खाकी ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पिछले वर्ष 2017 में दस्यु गोप्पा के सलाखों के पीछे पहुंचने और उसके बाद गैंग की कमान संभाल रहे 50 हजार के इनामी डकैत महेंद्र पासी के इलाहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में ढेर होने के बाद चित्रकूट पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता कही जा रही है। गैंग के हार्डकोर मेंबर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गिरफ्तार डकैत के पास से खतरनाक हथियारों व भारी मात्रा में कारतूस के अलावा जब हैण्ड ग्रेनेड बरामद हुआ तो उसके भी होश उड़ गए। डाकुओं की फायर पावर किस हद तक मजबूत होती है इसका अंदाजा भी खाकी को हो गया। हत्थे चढ़ा डकैत दस्यु महेंद्र पासी का खास सिपहसलार था और वर्तमान में उसके हथियारों को छिपाकर उसने एक वीरान सी जगह पर छिपा रखा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेरेबंदी
गैंग के हार्डकोर मेंबर कामता प्रसाद को स्वाट टीम प्रभारी श्रवण कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ रैपुरा थाना क्षेत्र के कौबरा गांव से गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक टीम प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दस्यु गोप्पा के दाहिने हाथ रहे दस्यु महेंद्र पासी के इनकाउंटर के बाद उसके हथियारों को गैंग के हार्डकोर मेंबर कामता प्रसाद ने कौबरा गांव में छुपा कर रखा है। मुखबिर की सूचना का संज्ञान लेते हुए जब पुलिस ने सम्बंधित गांव स्थित डकैत कामता के ठिकाने पर छापा मारा और उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के तहत जब पुलिस ने भी फायरिंग शुरू की तो डकैत कामता ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
बरामद हुए खतरनाक हथियार सहित हैण्ड ग्रेनेड
पुलिस को कामता के ठिकाने से 303 बोर की राइफल फैक्ट्री मेड, थर्टी स्प्रिंग राइफल फैक्ट्री मेड, एक डीबीबीएल बंदूक फैक्ट्री मेड, पिन व 2 हैण्ड ग्रेनेड फ्यूज लगा हुआ सहित भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। बरामद कारतूसों में 49 जिंदा कारतूस थर्टी स्प्रिंग राइफल, 80 जिंदा कारतूस 12 बोर, 6 कारतूस जिंदा 303 बोर व एक खोखा कारतूस 303 बोर का है।
दस्यु गोप्पा के बाद महेंद्र ने संभाली थी गैंग की कमान
बरामद हथियार दस्यु महेंद्र पासी गैंग के वो खतरनाक हथियार हैं जिनके बल पर उसने कई बार पुलिस को सीधी टक्कर दी थी। दरअसल पिछले वर्ष 2017 के जुलाई महीने में दस्यु गोप्पा को एसटीएफ ने चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के जंगल से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था तब से गोप्पा सलाखों के पीछे कैद है। गोप्पा के बाद गैंग की कमान उसके भतीजे रजउवा व महेंद्र पासी ने सयुंक्त रूप से संभाल ली थी लेकिन एक मामले में रुपयों के बंटवारे को लेकर महेंद्र ने इसी वर्ष जनवरी में रजउवा की हत्या कर लाश को मानिकपुर के जंगल में फेंक दिया था। मार्च में उसका नरकंकाल पुलिस को बरामद हुआ था, उसके बाद खौफ का दूसरा नाम बन चुके दस्यु महेंद्र पासी का इसी वर्ष 5 जुलाई को इलाहाबाद के फूलपुर क्षेत्र में पुलिस ने इनकाउंटर करते हुए ढेर कर दिया। महेंद्र के मारे जाने के बाद गैंग के सारे खतरनाक हथियार गिरफ्तार डकैत कामता प्रसाद के पास रखे गए थे।
एके 47 लेकर चलता था महेंद्र
महेंद्र पासी के खुद एके 47 लेकर चलता था। इसी साल जनवरी में मऊ थाना क्षेत्र में महेंद्र से मुठभेड़ में बाद जंगल से उसकी एके 47 राइफल बरामद हुई थी। मुठभेड़ के दौरान दस्यु महेंद्र राइफल छोड़ कर भाग निकला था।