
चित्रकूट. बुंदेलखण्ड में किस कदर नशे के सौदागरों का दखल बढ़ रहा है इसकी तस्दीक उस समय हुई जब शराब की एक बड़ी खेप को पुलिस ने जब्त करते हुए तीन अन्तर्राज्जीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। शराब की ये खेप ट्रक द्वारा हरियाणा से लाइ जा रही थी। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि काले कारोबार के खिलाड़ी उन इलाकों को ज़्यादा टार्गेट कर रहे हैं जहां बेरोजगारी और गरीबी ने अपने पांव जमा लिए हैं। बुंदेलखण्ड की दशा तो इन हालातों को लेकर किसी से छिपी नहीं है। गांजा स्मैक और देशी शराब के अवैध कारोबार में ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं और लोगों को शामिल कर इस धंधे के मास्टर माइंड जहां अपना जाल बिछा रहे हैं वहीं मोटा मुनाफा कमाते हुए रातों रात मालामाल भी हो रहे हैं।
अन्तर्राज्जीय शराब तस्कर चढ़े खाकी के हत्थे
नशे के सौदागरों के अन्तर्राज्जीय शराब तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शराब तस्कर शराब की सप्लाई प्रतापगढ़ चित्रकूट बांदा फतेहपुर कौशाम्बी आदि जनपदों में बड़े पैमाने पर करते थे। हरियाणा से बड़ी मात्रा में शराब की खेप चित्रकूट लाई जा रही थी। जनपद में गांजा स्मैक व कच्ची शराब का काला कारोबार किस कदर परवान चढ़ रहा है इसकी तस्दीक ऐसी घटनाओं से स्पष्ट तौर पर हो जाती है। ग्रामीण इलाकों में कच्ची अवैध देशी शराब के कारोबारी दिन पे दिन अपना जाल फैलाते जा रहे हैं।
18 लाख की 13 हजार शीशी अवैध देशी शराब बरामद
नशे के सौदागरों का काला सच उस समय खाकी के सामने आया जब जनपद के मऊ थाना क्षेत्र स्थित गढवा गांव के पास बड़ी संख्या में शराब से लदी पेटियों से भरा ट्रक पलट गया। इलाकाई लोगों के मुताबिक शराब से भरा लदा ट्रक पलटने पर सनसनी फ़ैल गई। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की शीशियां बरामद होने से लोग अचरज में पड़ गए कि आखिर ये खेप जा कहां रही थी। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उसके भी होश उड़ गए। दस बीस तीस पचास नहीं बल्कि 548 पेटी अवैध देशी शराब तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। नशे के बाज़ार में इसकी कीमत लगभग 18 लाख 41 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं जब पेटियों में मौजूद शराब की शीशियों को गिना गया तो जिसने भी सुना या देखा उसके होश ठिकाने आ गए। 548 पेटियों में लगभग 13 हजार शीशी अवैध देशी शराब तस्करी व् सप्लाई के लिए हरियाणा से लाई जा रही थी।
हरियाणा से लाई जा रही थी शराब की खेप
पुलिस के मुताबिक अवैध देशी शराब की ये बड़ी खेप हरियाणा से लाई जा रही थी। थानाध्यक्ष मऊ संत सरण ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक हरियाणा का है और शराब भी वहीँ से लाई जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर ट्रक का पीछा किया गया और इस दौरान गढ़वा गांव के पास ट्रक पलट गया। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जबकि ट्रक चालक सहित दो अभियुक्त मौके से फरार होने में कामयाब रहे। गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्त मऊ थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। शराब की सप्लाई चित्रकूट सहित आस पास के जनपदों में की जाती थी। बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने पर पुलिस पर भी सवालिया निशान लग गए हैं।
पुलिस की नाक के नीचे इतने बड़े तस्कर और खाकी को भनक तक नहीं
बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इलाकाई बाशिंदे दबी जुबान से खाकी पर सवाल उठाते हुए देखे गए कि जब अन्तर्राज्जीय तस्कर स्थानीय स्तर के ही हैं और कई दिनों से उनका ये काला कारोबार जारी था तो कस्बा इलाकाई पुलिस को भनक कैसे नहीं लगी। एक दरोगा को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है इलाके में। बरामद शराब की मात्रा काफी अधिक है ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाज़िमी है।
नशे के सौदागरों की गिद्ध नजर
जनपद में गांजा स्मैक और अवैध शराब का कारोबार फल फूल रहा है। आए दिन अवैध शराब के साथ अभियुक्त पकड़े जाते हैं। कई बार बड़ी मात्रा में गांजा भी पकड़ा गया है। आए दिन अवैध देशी शराब गांजा स्मैक के सप्लायर खाकी के हत्थे चढ़ते हैं ऐसे में यह समझा जा सकता है कि बुन्देलखण्ड में नशे के सौदागरों की गिद्ध नजर टिकी हुई है।