जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन के नुमाइंदों ने भी दिली मुबारक दी मुस्लिम भाइयों को।
चित्रकूट. खुशियों का पैग़ाम लाई है ईद, सबको गले लगाने का मौका लाई है ईद"। जी हां माह-ए रमज़ान की रुखसती के मुक़द्दस मौके पर पडऩे वाली ईद कुछ ऐसा ही पैगाम लेकर हर साल आती है और भाईचारे की चाशनी में सेंवई की मिठास घोल जाती है। भगवान श्री राम की तपोस्थली चित्रकूट में भाईचारे की इसी मिसाल को कायम करते हुए हिन्दू मुस्लिम भाइयों ने ईद मनाई। इधर दुआओं के लिए हाथ उठे तो उधर से मुबारकबाद देने की आवाज़ आई, कुछ ऐसा ही दिल-ए सुकून नज़ारा देखने को मिला हर गल्ली मोहल्ले और चौराहों पर। मस्जिदों में सजदा करते रोज़ेदार और उन्हें गले लगाकर ईद की मुबारक देते हिन्दू इस बात का पैगाम दे रहे थे कि "मत बांटो हमें सियासी सियासी अखाड़ों में कि हमारा लहू एक है"। ईद के मुबारक अवसर पर जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन के नुमाइंदों ने भी दिली मुबारक दी मुस्लिम भाइयों को।
खुशियों और अमन चैन का संदेश लेकर आई ईद के मौके पर चारों तरफ हर्षोल्लास का वातावरण है। मुस्लिम भाइयों के यहां मेहमानों की रुखसती और तशरीफ़ का दौर जारी है तो वहीं बाज़ारों में रौनक-ए ईद की रौनक है। गले मिलकर सभी एक दूसरे को ईद की दिली मुबारकबाद दे रहे हैं।
सियासी नुमाइंदों ने भी दी मुबारकबाद
सियासी नुमाइंदों ने भी ईद के मुक़द्दस मौके पर लोगों को मुबारकबाद दी। शहर की विभिन्न छोटी बड़ी ईदगाहों में पहुंचकर मुबारकबाद दी गई। भाजपा सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय व आरके पटेल ने ईदगाहों में पहुंचकर नमाजिय़ों के बीच उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर आपसी एकता भाईचारे की दुआं की गई।
प्रशासनिक अधिकारी भी ईद की खुशियों में हुए शरीक
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी ईद की खुशियों में शरीक हुए। जिलाधिकारी विशाख जी ने बच्चों के साथ ईद की खुशियां बांटी और सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
इस अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में गश्त करते हुए अराजक तत्वों पर नजर रखने के कड़े निर्देश एसपी द्वारा दिए गए थे। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की कड़ी निगहबानी देखने को मिली। मस्जिदों के आस पास भी पुलिस ने चहलकदमी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल है श्री राम की तपोस्थली
श्री राम की तपोस्थली चित्रकूट साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल रही है। तपोस्थली में आज तक कभी आपसी भाईचारे को खण्डित होते नहीं देखा गया, आज भी यहां होली और ईद पर आपसी एकता की सुखद तस्वीर देखी जा सकती है। माहौल में कोई जहर न घोल दे इसकी दुआ हमेशा यहां के राम के चाहने वाले भी करते हैं और रहीम को सजदा करने वाले भी।