
चित्रकूट. आतंकी संगठनों को फंड मुहैया कराने के आरोप में यूपी एटीएस ने जिस आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है वो दोनों राज्यों यानि उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के सीमावर्ती गांव में मौजूद था और घर से संपन्न था। गौर करने वाली बात यह कि सीमावर्ती गांव में इस तरह का नापाक मंसूबा पाले युवक के बारे में न तो मध्य प्रदेश और न ही उत्तर प्रदेश की स्थानीय जनपदों की ख़ुफिय़ा इकाइयों को भनक लगी और न ही कोई तस्दीक हुई।
जिस आरोपी को एटीएस ने गिरफ्तार किया है वो किसी गरीब घर का नहीं बल्कि एक संपन्न घर परिवार से सम्बंधित है। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कम्प मचा हुआ है और गांव के लोग सकते में हैं। यहां तक कि कोई कुछ बोलने या बताने को तैयार नहीं है।
चित्रकूट के मानिकपुर थाने से कुछ किलोमीटर दूर स्थित मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के सेमरिया थाना क्षेत्र से टेरर फंडिंग के आरोपी की गिरफ्तारी ने सीमावर्ती इलाकों में ख़ुफिय़ा एजेंसियों की पहुंच को स्पष्ट कर दिया है। यहां तक कि चित्रकूट और इससे सटे मध्य प्रदेश के रीवा और सतना जनपदों की खुफियां इकाइयां शायद ही कभी एकत्रित हुई हों और सीमावर्ती क्षेत्रों में आने जाने रहने वाले लोगों के विषय में तस्दीक की हो। उधर बांदा जनपद से भी आतंकी कनेक्शन ने कहीं न कहीं यह संकेत दिया है कि स्थानीय स्तर पर ख़ुफिय़ा तंत्र की सजगता कहीं न कहीं शिथिल है और जिसे मजबूत करने की आवश्यकता है।
किस तरह से फायदा उठाते हैं
तो अब महानगरों से होकर सुदूर ग्रामीण इलाकों के युवाओं को पाकिस्तानी ख़ुफिय़ा एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन अपने निशाने पर ट्रैप करते हुए उन्हें भारत के खिलाफ साजिश रचने में अपना हमराज बना रहे हैं। कुछ ऐसी ही तस्दीक होती है पड़ोसी जनपद रीवा (मध्य प्रदेश) के सीमावर्ती थाना क्षेत्र सेमरिया से गिरफ्तार किए गए टेरर फंडिंग के आरोपी की गिरफ्तारी से। चित्रकूट के मानिकपुर थाना क्षेत्र से सटे रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र से ही दो महीने पहले दस्यु बबुली कोल ने एक किसान का अपहरण किया था। ऐसे में समझा जा सकता है कि अवांछनीय और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्व किस तरह से सीमावर्ती इलाकों का फायदा उठाते हैं।
सेमरिया में एटीएस का छापा
जानकारी के मुताबिक यूपी एटीएस को काफी दिनों से इस बात के क्लू मिल रहे थे कि यूपी सहित मध्य प्रदेश से आतंकी संगठनों को टेरर फंडिंग हो रही है। चित्रकूट के सीमावर्ती रीवा जनपद के सेमरिया थाना क्षेत्र के बीड़ा गांव निवासी सौरभ सिंह को यूपी एटीएस ने शनिवार देर रात उठा लिया। एटीएस टीम को इस थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि यहां से भी कुछ लोग देश के खिलाफ आतंकी संगठनों की मदद दूसरे तरीके से कर रहे हैं। सेमरिया पहुंचने के बाद एटीएस ने स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी और फिर थाना पुलिस ने अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जिस पर संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए थाना क्षेत्र के बीड़ा गांव से उक्त आरोपी को उठाया गया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल एटीएम कार्ड व कई बैंकों की पासबुक बरामद हुई। पूछताछ में उसका कनेक्शन आईएसआई से जुड़ा पाया गया. सेमरिया थाने में चली घण्टो की पूछताछ के दौरान जो खुलासे हुए उसे सुनकर खुद रीवा पुलिस के होश उड़ गए.
स्थानीय स्तर पर उदासीन हैं ख़ुफिय़ा एजेंसियां
इस गिरफ़्तारी ने एक बात जरूर स्पष्ट कर दी है कि सीमावर्ती इलाकों में असामाजिक अवांछनीय तत्वों को लेकर पुलिस और स्थानीय ख़ुफिय़ा तंत्र कितनी सजग हैं. धार्मिक क्षेत्र होने के कारण चित्रकूट में कई धर्मशालाएं होटल लॉज रैन बसेरे आदि संचालित हैं लेकिन शायद ही कभी पुलिस और ख़ुफिय़ा तंत्र इन जगहों पर चेकिंग अभियान चलाती हो. दूसरा पहलू है आपसी सामन्जस्य का अभाव यानि चित्रकूट रीवा और सतना पुलिस का आपसी सहयोग संवाद और ख़ुफिय़ा तंत्रों की आपसी सहभागिता.
ऐसे करता था फंडिंग
जानकारी के मुताबिक आरोपी गांव के गरीब तबके के लोगों को लालच के जाल में फंसाकर उनका एकाउंट खुलवाता था और फिर उसके माध्यम से एकाउंट में पाक एजेंटों से रूपये मंगवाता था. रुपयों को निकालकर बताए गए खातों में ट्रांसफर किया जाता था. आरोपी को लगभग 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था इस काम के लिए. पुलिस अब उन खातों की जांच कर रही है जिनमें रूपये मंगाए जाते थे. रीवा एसपी ललित शाक्यवार के मुताबिक जांच के बाद ही पूरा मामला सामने आ पाएगा. गांव के किसी भी बाशिंदे को इस काम की जानकारी नहीं थी.
निशाने पर बुंदेलखण्ड
एक तरह से देखा जाए तो बड़े महानगरों शहरों से निकलकर आतंकी संगठनों के निशाने पर अब सुदूर ग्रामीण इलाके और छोटे शहर हैं. इस बात की भी तस्दीक कुछ यूं होती है कि बुंदेलखण्ड के बांदा जनपद में संचालित एक मदरसे पर अभी कुछ दिनों पहले सीबीआई ने छापेमारी करते हुए एक आतंकी के कनेक्शन की तहक़ीक़ात की थी. लोकल स्तर पर सिर्फ डकैतों के खिलाफ अभियान चलाने की व्यस्तता में व्यस्त सुरक्षा इकाइयों को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है अन्यथा ऐसा न हो कि बुन्देलखण्ड की बेरोजगारी और पलायन जैसी युवाओं की मूलभूत समस्याओं का फायदा देशद्रोही ताकतें उठा लें.