
चित्रकूट. घर से निकले 62 वर्षीय वृद्ध का शव फांसी के फंदे से पेंड़ पर लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक के परिजनों ने एक वर्तमान प्रधान सहित आधा दर्जन लोगों पर पुरानी रंजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
घटना जनपद के भरतकूप चौकी क्षेत्र अंतर्गत करारी गांव की है, जहां एक वृद्ध दादु भाई सिंह (62) की हत्या करने के बाद शव को गांव के बाहर एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया गया। सुबह खेतों में काम के लिए जाने के दौरान ग्रामीणों ने जब पेड़ पर शव लटका हुआ देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। शव मिलने की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
हत्या का आरोप
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना को लेकर लोगों से पूछताछ की।
मृतक के छोटे पुत्र रज्जू ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता पास में स्थित गांव करवरिया पुरवा में अपने गुरूबाबा से मिलने की बात कहकर रात में घर से निकले थे। बताया कि पिता गुरुबाबा तक पहुंच भी नहीं पाए कि रास्ते में ही उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक के पुत्र के मुताबिक पिता की जांघों में मारपीट के निशान बने हैं। पुत्र ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते पिता की हत्या करने के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया।
एफआईआर दर्ज
रज्जू की तहरीर पर गांव के ही आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है, जिसमें एक हत्यारोपी एक गांव का वर्तमान प्रधान है। चौकी इंचार्ज भरतकूप तपेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, उसके बाद सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा।